यूपी: बैंक से मिले डिवाइस नहीं बदले गए, बीसी सखियों ने विकास भवन में किया प्रदर्शन; कहा- काम नहीं कर रही मशीन
सोनभद्र में बैंक से मिले लेन-देन के डिवाइस नहीं बदले जाने से नाराज बीसी सखियों ने बृहस्पतिवार को विकास भवन में प्रदर्शन किया। बीसी सखियां खराब मशीनें लेकर पहुंचीं और कहा कि इनके काम नहीं करने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शन के बाद उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित छह सूत्री ज्ञापन सौंपा और डिवाइस बदलने सहित समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
बैंक से लेन-देन के लिए मिले डिवाइस के खराब होने और मानदेय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए बीसी सखियों ने बृहस्पतिवार को विकास भवन में प्रदर्शन की। प्रदर्शन के पश्चात बीसी सखियों ने मुख्य विकास अधिकारी और जिला मिशन प्रबंधक को संबोधित छह सूत्री ज्ञापन दिया। शीघ्र मांगें पूरी किए जाने की मांग की। कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती है तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
विशिष्ट कॉरपोरेट महिला उत्थान समिति के बैनर तले प्रदर्शन में बीसी सखियों ने शासन के निर्देशों को धरातल पर लागू कराने की मांग की। पूजा कुमारी, सत्यभामा, सुशीला, रमलावती, मेनिका आदि का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में बीसी संविदाओं के हित में कई शासनादेश जारी किए गए, लेकिन उनका समुचित लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है।
राष्ट्रीयकृत बैंकों से जोड़ने संबंधी शासनादेश को लागू कर बीसी संविदाओं को पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है, जिससे वे अपना कार्य शुरू कर सकें। इसके अलावा छह माह तक प्रतिमाह चार हजार रुपये मानदेय दिए जाने के प्रावधान के तहत लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की गई।
जताई नाराजगी
संविदाओं का कहना है कि कई को पूरा मानदेय नहीं मिला है, जबकि कुछ को दो या चार महीने का ही भुगतान हुआ है। बीसी संविदाओं ने पंचायत स्तर पर मनरेगा भुगतान का कार्य उन्हें सौंपने की मांग भी की है। उनका कहना है कि इस संबंध में शासनादेश के बावजूद कार्य नहीं मिल रहा है।
वहीं, पूर्व में बैंकों की ओर से उपलब्ध कराई गई मशीनें खराब होने और पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के कारण कई वर्षों से काम प्रभावित होने की बात कही गई है। बैंकों के साथ काम करने के लिए आवश्यक मशीन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिले की सभी बीसी संविदाएं जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगी।
प्रदर्शन में रीता, इंद्रावती, संगीता सिंह, चिंता, सोनमती देवी, शांति, आरती, जूली देवी, सुषमा, मंजूलता आदि शामिल रहे। इस संबंध में एनआरएलएम के पुनीत कुमार गुप्ता ने बताया कि सक्रिय बीसी सखियों का निर्धारित मानदेय जारी हुआ है। बीसी सखियों के लिए ग्राम पंचायतों में बैठने की व्यवस्था के लिए पूर्व में ग्राम पंचायतों को निर्देश जारी किया गया है।