आंबेडकर स्टेडियम में जिला फुटबॉल एसोसिएशन सोनभद्र के संयोजन में रविवार की शाम जिला फुटबाल चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। उद्घाटन मैच में तियरा स्टेडियम की टीम ने जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि इं. संजय बैसवार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच में तियरा स्टेडियम सोनभद्र और यंग स्टार ओबरा की टीमें आमने-सामने थीं। मैच के पहले हाफ में तियरा के अंशु ने पहला, अभिषेक पाठक ने दूसरा, तीसरा और नागेंद्र ने चौथा गोल किया। दूसरे हाफ में भी तियरा स्टेडियम के ही मयंक ने पांचवा गोल किया।
यंग स्टार ओबरा की तरफ से धर्मेंद्र ने एक मात्र गोल किया। इस तरह तियरा स्टेडियम ने यंग स्टार ओबरा को 5-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर फुटबाल एसोसिएशन के जिला सचिव मो. अहमद खान नूर, ओबरा इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार, समाजसेवी रमेश सिंह यादव, डॉ. प्रभाशंकर सरोज, शमशाद खान, हाजी नूरुद्दीन खान, बबलू करंट, इसरार अहमद, जीनत खान आदि मौजूद रहे। रेफरी अरविंद यादव, लायंस मैन सुजीत व शेखर, फोर्थ रेफरी मुकेश तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन जय शंकर भारद्वाज ने किया।