मरीज की मौत के बाद जिस अस्पताल को एक साल पहले सील कर दिया गया था, उसी अस्पताल का नाम बदलकर नए नाम से संचालन शुरू कर दिया गया। बगैर पंजीयन के ही ओटी-ओपीडी दोनों सेवाएं भी चल रही थीं। शिकायत मिलने पर शुक्रवार को एसीएमओ/नोडल डॉ. गुलाब शंकर की अगुवाई वाली टीम कोन पहुंची तो एक मरीज भी भर्ती पाया गया। तत्काल उसे वहां से छुट्टी दिलाने के साथ ही अस्पताल की ओटी-ओपीडी दोनों सील कर दी गई। संचालक को नोटिस थमाते हुए जवाब तलब किया गया। चेतावनी दी गई कि अगर बगैर पंजीकरण दोबारा अस्पताल संचालित होता मिला तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
अगस्त 2025 में कोन में संचालित भारत हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई थी। जांच के दौरान संचालन अवैध पाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्रकरण ठंडा होने के बाद उस अस्पताल से जुड़े लोगों ने एक दूसरा अस्पताल खोल लिया। उसका नाम भारत की जगह आरएस हॉस्पिटल रखकर संचालन शुरू कर दिया गया। शिकायत पर शुक्रवार को दोपहर बाद टीम कोन पहुंची तो देखा कि एक मरीज भर्ती है और उसे पानी चढ़ाया जा रहा है। तत्काल उसे छुट्टी दिलाते हुए कागजात मांगा गया तो कोई नहीं दिखा पाया। एसीएमओ डॉ. गुलाब शंकर ने बताया कि विभागीय रिकॉर्ड से मिलान किया गया तो पता चला कि बगैर पंजीकरण के ही अस्पताल चलाया जा रहा था। संचालक को नोटिस थमाते हुए अस्पताल की ओटी और ओपीडी दोनों को सील कर दिया गया है। बाहर से भी ताला जड़ा गया है। चेतावनी दी गई है कि अगर बगैर पंजीकरण के अस्पताल का संचालन किया गया तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।