Road Accident: सोनभद्र में हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी की हालत गंभीर
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सोनभद्र जिले के बंतरा गांव के पास शुक्रवार को हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सोनभद्र जिले के बंतरा गांव के पास शुक्रवार को हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्रारंभिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रायपुर थाना क्षेत्र के तेलाड़ी गांव निवासी गौतम गुप्ता (25) पुत्र गोविंद गुप्ता मधुपुर गांव स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सेल्समैन नियुक्त हुआ था। कार्य के पहले दिन वह अपने दोस्त ओइनी निवासी अंकित मौर्य (24) पुत्र रामसुधार के साथ दुकान पर आया। स्टॉक मिलान कराने के बाद दोनों बाइक से बट गांव स्थित अंकित के चाचा के घर जाने लगे।
बंतरा गांव के समीप फ्लाईओवर से उतरने के बाद आगे चल रही हाईवा क्रॉसिंग (कट) से दूसरी तरफ जाने के लिए अचानक मुड़ गया। पीछे से आ रहे बाइक सवार अनियंत्रित होकर हाईवा में घुस गए। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए।
ये भी पढ़ें: राजनारायन सिंह हत्याकांड में पूर्व मंत्री अंगद यादव समेत चार को उम्रकैद, दिनदहाड़े मारी गई थी गोली
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मधुपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौतम की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। सुकृत चौकी प्रभारी सुरेश त्रिवेदी ने अस्पताल पहुंच कर घायल से हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने हाईवा को कब्जे में ले लिया है।
सड़क हादसे में बाल-बाल बचे प्रधान संघ अध्यक्ष
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में प्रशासन की ओर से निकाय चुनाव के मद्देनजर लगाए गए स्टेटिक टीम के बैरियर पर तेज रफ्तार कंटेनर ने कार में पीछे से टक्कर मार दिया। हादसे में कार सवार प्रधान संघ के अध्यक्ष जाबर निवासी दिनेश यादव व उनके दो पुत्र बाल-बाल बच गए। तीनों जाबर से दुद्धी बाजार जा रहे थे। स्टेटिक टीम बैरियर पर वाहन रोककर कार की तलाशी लेने लगी, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत
चोपन थाना क्षेत्र के प्रीत नगर गड़ईडीह में शुक्रवार की भोर में ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत हो गई। उसका शव रेलवे ट्रैक पर क्षति-विक्षत हाल में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रीत नगर गड़ईडीह निवासी रमेश गोंड (50) भोर में शौच के लिए जा रहे थे।
रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। जब परिजन उठे तो घर से कुछ दूर रेलवे ट्रैक पर रमेश का क्षत-विक्षत शव देख सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।