झूठी निकली अपहरण की कहानी : छात्रा ने अपने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश, युवती बरामद; साथी फरार
Sonbhadra News : सोनभद्र के म्योरपुर थाना क्षेत्र की युवती को पुलिस ने दूसरे गांव से सही-सलामत बरामद कर लिया। बीते 22 नवंबर को उसके पिता ने मामला दर्ज करवाया था। खुद के अपहरण की कहानी जानकारी परिवार भी हैरान है। वहीं, पुलिस युवती के फरार दोस्त की तलाश कर रही है।
विस्तार
दसवीं की छात्रा के अपहरण की कहानी फर्जी निकली है। छात्रा ने घरवालों से पैसे ऐंठने के लिए ही अपने मित्र के साथ मिलकर अपहरण की कहानी रची थी और वीडियो बनवाकर घरवालों को भेजा था। पुलिस ने छात्रा को बरामद कर लिया है। उसके मित्र की तलाश की जा रही है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दसवीं की छात्रा गत 19 नवंबर को अपनी सहेली के घर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता न चलने पर घरवालों ने 22 नवंबर को विंढमगंज के महुली गांव निवासी दो युवकों पर छात्रा को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बावजूद छात्रा का पता नहीं चला। इस बीच, सोमवार को छात्रा के पिता के मोबाइल पर एक वीडियो आया। इसमें छात्रा के हाथ-पैर बंधे हुए थे। वह रोते हुए खुद को बचाने की गुहार लगा रही थी।
वीडियो के जरिए 26 नवंबर तक घरवालों से दस लाख रुपये देने और पुलिस को ना बताने की बात कही गई है। परिजनों से जानकारी मिलते ही पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई। मंगलवार की सुबह पुलिस ने छात्रा को पास के एक गांव से बरामद कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने मित्र पंकज के साथ चली गई थी। मामला जब पुलिस तक पहुंचा तो दोनों ने मिलकर अपहरण और घरवालों से पैसे मांगने की योजना बनाई। पुलिस पंकज की तलाश में जुटी है।
बोले अधिकारी
छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में उसने अपने मित्र पंकज के साथ जाने की बात बताई है। पंकज फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। आगे पूछताछ में जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - अशोक कुमार मीणा, एसपी सोनभद्र।