कैसे जली कविता और बच्ची?: पहले गर्भवती मां की मौत, फिर दो साल की बेटी ने तोड़ा दम; कमरे में नहीं मिला ये सामान
पुलिस ने कविता के पति संदीप, ससुर ओमप्रकाश, सास शांति देवी, ननद ज्योति व एक अन्य के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हरियाणा के सिरसा स्थित गांव शक्कर मंदोरी में चार माह की गर्भवती महिला और उसकी दो वर्षीय बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से गंभीर रूप से झुलस गईं। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है। निजी अस्पताल में उपचाराधीन बेटी ने भी सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
2022 में हुई थी कविता और संदीप की शादी
चौपटा थाने से जांच अधिकारी कौशल्या देवी के मुताबिक गांव रावलवास (हिसार) निवासी सतीश कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि बहन कविता (32) की शादी तीन मार्च 2022 को शक्कर मंदोरी निवासी संदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए तंग करने लगे थे। रविवार दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर कविता ने घर पर फोन किया। सामान्य बातचीत के बाद उसने फोन काट दिया। उसकी आवाज से लग रहा था कि वह परेशान है।
सरपंच ने फोन कर कविता के परिवार को दी जानकारी
कुछ समय बाद कविता के ससुराल से उसके पिता के पास फोन आया। सामने वाले ने कहा कि वह शक्कर मंदोरी का सरपंच बोल रहा है। कविता की जलने से मौत हो चुकी है और उसकी बेटी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर वह कविता के घर पहुंचा तो देखा कि उसका शव कमरे में जली हालत में पड़ा था लेकिन वहां केरोसिन या अन्य ज्वलनशील वस्तु नहीं मिली।
इन पर दर्ज हुआ मामला
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। सोमवार को बच्ची ने भी दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि कविता के पति संदीप, ससुर ओमप्रकाश, सास शांति देवी, ननद ज्योति व एक अन्य के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।