अनपरा। बारिश के बाद धूप के कारण बढ़ी उमस से बिजली की मांग बृहस्पतिवार की देर रात 30 हजार मेगावाट के पार चली गई। निगम सहित निजी क्षेत्र और जलविद्युत की सभी इकाइयों से पूरी क्षमता से उत्पादन किया जा रहा है।
गत सोमवार से प्रदेश में बिजली की मांग 29402 मेगावाट पर थी। मंगलवार और बुधवार की देर रात पीक आवर में बिजली की मांग भी इसी के आसपास रही। बृहस्पतिवार की रात पीक आवर में मांग 30255 मेगावाट पर पहुंच गई। बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए प्रदेश की सभी तापीय और जलविद्युत की इकाइयों का पूरी क्षमता से संचालन किया गया।
पीक आवर में अनपरा की 500 मेगावाट की पांचवीं इकाई से 500 और छठवीं इकाई से 502 मेगावाट हुआ। निजी क्षेत्र की एमईआईएल समूह की अनपरा एनर्जी लिमिटेड से 600 मेगावाट, रिहंद की जलविद्युत की सभी इकाइयों से 280 मेगावाट, ओबरा की जलविद्युत इकाइयों से 88 मेगावाट का रिकाॅर्ड उत्पादन किया गया।