यूपी: जनसेवा केंद्र की आईडी से करोड़ों की ठगी का खेल, जिला प्रबंधक समेत दो गिरफ्तार; निर्दोष को जाना पड़ा जेल
सोनभद्र में सीएससी आईडी के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर जिला प्रबंधक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईडी से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों की ठगी का दावा है। गिरोह के तार यूपी, गुजरात, हरियाणा और एनसीआर तक फैले थे। एक निर्दोष व्यक्ति को गुजरात में जेल जाना पड़ा।
विस्तार
अंतरराज्यीय साइबर ठगों से सांठगांठ कर कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की आईडी से जुड़े बैंक खातों के जरिए करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में सीएससी के जिला प्रबंधक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की निष्क्रिय और नई आईडी के लिए आवेदन करने वालों के कागजातों का इस्तेमाल कर फर्जी सीएससी आईडी तैयार करते थे और साइबर ठगों से सांठगांठ कर आईडी से जुड़े बैंक खातों के जरिए ठगी कराते थे। मामले में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एक सीएससी संचालक की भी तलाश जारी है। गिरोह के तार यूपी के कई प्रमुख शहरों, एनसीआर के साथ गुजरात-हरियाणा तक फैले मिले हैं। इसके बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने की कार्रवाई
एएसपी मुख्यालय मेविस टॉक ने पुलिस लाइन सभागार में दोपहर बाद इस कामयाबी का खुलासा किया। बताया कि जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में नेटवर्क फीट इंजीनियर के पद पर तैनात जौनपुर निवासी प्रेमबहादुर यादव ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया गया कि उन्होंने निजी कार्य के लिए सीएससी आईडी बनवाई थी।
इसमें समस्या आने पर आईडी सक्रिय करने के लिए चुनार (मिर्जापुर) थाना क्षेत्र के उस्मानपुर निवासी व सीएससी ई गर्वनेंस इंडिया लिमिटेड के तत्कालीन जिला प्रबंधक आशीष कुमार पांडेय (वर्तमान में आधार का काम कर रही वीएलएस कंपनी के जिला समन्वयक) को दिया था। आईडी को सक्रिय तो किया गया लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। गत दो जनवरी को गुजरात के वापी पुलिस और सात अप्रैल को हरियाणा के भिवानी पुलिस ने साइबर क्राइम की नोटिस भेजी तब पता चला कि उनकी आईडी का प्रयोग साइबर ठगी में किया जा रहा है।
प्रकरण की पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि इसके तार कई राज्यों से जुड़े हैं। निष्क्रिय आईडी को सक्रिय कर और नई आईडी के लिए आने वाले आवेदनों का दुरुपयोग कर फर्जी आईडी के जरिए साइबर फ्राड में मौजूदा जिला समन्वयक सारनाथ (वाराणसी) थाना क्षेत्र के नवापुरा निवासी अभय कुमार गौड़ भी शामिल हैं। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र का एक सीएससी संचालक भी इसमें संलिप्त है।
साइबर ठगी में इस तरह की सीएससी आईडी का हो रहा प्रयोग
एएसपी के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि ऐसी सीएससी आईडी, जो किन्हीं वजहों से निष्क्रिय हो गई थी, उसका आईडी-पासवर्ड संबंधित से लिया जाता था। इसके बाद उसका पासवर्ड बदलकर साइबर फ्राड के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी तरह नई आईडी के लिए आवेदन करने वालों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी आईडी बनवाई जाती थी।
आईडी बनाने का काम गिरोह में शामिल सीएससी केंद्र का संचालक करता था। वहीं उसके भौतिक सत्यापन में कोई बाधा न आने पाए, इसके लिए किसी भी स्थान, दस्तावेज, व्यक्ति की फोटो लगाकर पूर्व व वर्तमान जिला समन्वयक की तरफ से उसके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाती थी। इसके बाद इस आईडी से जुड़े बैंक खातों में साइबर ठगी की राशि मंगवाई जाती थी और सीएससी आईडी के जरिए उसे दूसरी आईडी और खातों में भेजा जाता था।
गुजरात से सामने आए प्रकरण से पुलिस भी हैरान
आरोपियों के सरकार की ई-गवर्नेंस सेवा से जुड़े होने के कारण जहां किसी की उन पर नजर नहीं पड़ रही थी। वहीं सीएससी आईडी के जरिए ठगी के होने के कारण पुलिस का साइबर ठगों तक पहुंचना मुश्किल बना हुआ था। प्रकरण में दर्ज हुए पहले मामले में पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंच पाती, इस बीच गत सितंबर माह में सामने आए दूसरे मामले ने पुलिस के आला अफसरों को भी चौंका दिया था।
सुकृत निवासी विशाल पटेल का दावा था कि उसने जनसेवा केंद्र संचालक को नई आईडी बनाने के लिए दस्तावेज सौंपे थे। उसका इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाई गई और उससे गुजरात में साइबर ठगी की गई। चूंकि दस्तावेज उसके थे, इस कारण गुजरात पुलिस उसे उठाकर ले गई और वहां उसे जेल भेज दिया। जमानत पर छूटने के बाद उसने तहरीर सौंपी जिस पर मामला दर्ज किया गया।
जिस दिन बंद था इंस्टीट्यूट उस दिन सत्यापन कर सक्रिय की आईडी
सीएससी आईडी के लिए फर्जीवाड़े का खूब खेल खेला गया। रायपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सुशील ने नई आईडी के लिए दस्तावेज सौंपे तो उसके आधार पर फर्जी आईडी बनाते हुए सत्यापन के समय एक कंप्यूटर संस्थान की तस्वीर लोड कर दी गई। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच करने पहुंची तो पता चला जिस दिन सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई गई उस दिन इंस्टीट्यूट बंद था। इंस्टीट्यूट संचालक और पीड़ित के बीच कोई जान-पहचान भी नहीं थी। जांच आगे बढ़ाई गई तो पता चला कि अभय और आशीष दोनों ने साथ पहुंचकर सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई थी।
ऑपरेटर आईडी के जरिए भी की गई धोखाधड़ी
जांच के दौरान ओबरा थाना क्षेत्र के कनहरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर, बेलगढ़ी निवासी सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति ने भी जनसेवा केंद्र पर नई आईडी बनाने के लिए दस्तावेज सौंपने और उसका दुरुपयोग करते हुए ऑपरेटर आईडी बनाकर साइबर धोखाधड़ी की शिकायत की। पता चला कि सिर्फ हरियाणा, गुजरात ही नहीं यूपी के बस्ती, आगरा और गाजियाबाद से भी अच्छी खासी ठगी की गई है। पुलिस के मुताबिक चूंकि सीएससी से हुए लेन-देन का विवरण जिला समन्वयक ही उपलब्ध करा सकता है और वही आरोपी है। इस कारण सोनभद्र के नाम पर बनाई गई सीएससी आईडी के जरिए कितने की ठगी हुई इसका पूरा विवरण अभी सामने नहीं आ पाया है। मिल रही शिकायतों के आधार पर यह माना जा रहा है कि ठगी की राशि करोड़ों में हो सकती है।
गिरफ्तारी के लिए जुटाने पड़े मजबूत साक्ष्य, तब मिल पाया अफसरों का भरोसा
प्रकरण का खुलासा करने वाली प्रभारी निरीक्षक साइबर धीरेंद्र कुमार चौधरी की अगुवाई वाली टीम के लिए यह गिरफ्तारी आसान नहीं थी। कलेक्ट्रेट में दफ्तर और वहीं बैठकर कामकाज के चलते जहां जिला समन्वयक पर हाथ डाल पाना खासा मुश्किल था। वहीं उन्हें गिरफ्त में लेने के लिए पहले मजबूत साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद अफसरों का भरोसा हासिल किया गया। फिर गिरफ्तारी की गई।
फिलहाल इस फ्राड में तीन व्यक्तियों और पांच पीड़ितों के नाम सामने आए हैं। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक और की तलाश जारी है। सीएससी आईडी से जुड़े बैंक खातों में मंगाई गई धनराशि को किन-किन व्यक्तियों को भेजा गया, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। - मेविस टॉक, एएसपी मुख्यालय।