बभनी। यूपी से छत्तीसगढ़ जा रहा महुआ से लदा ट्रक मंडी समिति दुद्धी ने रविवार की रात करीब 11 बजे बभनी ब्लॉक के पास से पकड़ लिया। अधिकारियों ने चालक से महुआ से संबंधित कागजात मांगा तो वह नहीं दिखा सका। कागजात न होने पर महुआ लदे ट्रक को बभनी थाने में सीज कर दिया गया।
बीती रात मंडी समिति दुद्धी के निरीक्षक बब्बन सचल दल के साथ निकले थे। बभनी ब्लॉक के सामने सचल दल ने रेनुकूट की तरफ से छत्तीसगढ़ की तरफ जा रहे एक ट्रक को रोक कर चेक किया तो उसमें करीब 300 क्विंटल महुआ लदा था। चालक से महुआ का कागज मांगा गया तो चालक ने कागजात न होने की बात कही। इस पर मंडी निरीक्षक महुआ लदे ट्रक को बभनी थाने में ले जाकर सुपुर्द कर दिया, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया। मंडी निरीक्षक के मुताबिक मंडी शुल्क की चोरी करने पर महुआ लदे ट्रक के खिलाफ कार्यवाही की गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में महुआ की कीमत यूपी से पांच रूपये से दस रुपये तक प्रति किलोग्राम अधिक है। इस वजह से व्यापारी यूपी से महुआ खरीद कर बगैर मंडी शुल्क दिए रात में ट्रक समेत अन्य वाहनों से छत्तीसगढ़ ले जाते हैं। यूपी में महुआ का रेट 40 से 45 रूपये प्रति किलोग्राम है वहीं छत्तीसगढ़ में 50 रूपये प्रति किलोग्राम बिकता है।