बरेली: ठगी के आरोपी आरके गोला और उसके साथियों पर तीन और रिपोर्ट दर्ज, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
आईसीएल कंपनी के सीएमडी आरके गोला और उसके भाई अवधेश गोला समेत अन्य के खिलाफ प्रेमनगर थाने में ठगी की तीन नई रिपोर्ट दर्ज हुई हैं। कोर्ट के आदेश पर ये मामले दर्ज कराए गए।
विस्तार
बरेली में आईसीएल कंपनी के सीएमडी आरके गोला और उसके भाई अवधेश गोला समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में ठगी करने की तीन नई रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। पुलिस अब तक गोला गैंग के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर खानापूरी करती रही है। करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी गोला गैंग पर बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली है। अब प्रेमनगर थाने में तीन नई रिपोर्ट दर्ज होने के बाद निवेशकों को गोला गैंग पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।
बदायूं के कछला निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि 2012 में उनकी दुकान पर आरके गोला, अनिल साहू, जितेंद्र गुप्ता, दीपक भटनागर, आनंद गोला, नंदन कुमार, अवधेश गोला और दिनेश आदि लोग आए। इन लोगों ने आईसीएल म्यूच्यूअल बेनिफिट्स कंपनी के बारे में बताया। नरेंद्र को बड़े-बड़े सपने दिखाए। नरेंद्र ने कंपनी में काम करने से मना कर दिया तो इन लोगों ने कहा कि आप कंपनी में भले ही काम मत करो लेकिन कंपनी के परामर्शदाता बन जाओ।
नरेंद्र के परामर्श पर कछला निवासी संजीव और उझानी के पिपरौल निवासी रेखा देवी, प्रेमनगर के गांधीनगर स्थित आईसीएल कंपनी के दफ्तर गए। वहां पर आरके गोला, जितेंद्र गुप्ता और अन्य सभी निदेशकों ने पॉलिसी के बारे में बताया। इस पर संजीव ने 72-72 की दो पॉलिसी में निवेश कर दिया। रेखा ने पचास हजार रुपये का निवेश किया। कंपनी को संजीव की दोनों पॉलिसी के कुल 214000 व रेखा के 101364 रुपये लौटाने थे। जब यह रकम आरके गोला और जितेंद्र से मांगी तो उन्होंने मना कर दिया।
गरीब लोग पूंजी लगाकर फंसे
नरेंद्र के मुताबिक उनके भरोसे निवेश करने वाले गांव के गरीब लोग हैं। निवेशक पर उन पर रुपये दिलाने का दबाव बना रहे हैं। निवेशकों के दबाव में नरेंद्र को अपना घर छोड़कर इज्जतनगर क्षेत्र में रहना पड़ रहा है। नरेंद्र की शिकायत पर न्यायालय ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि प्रेमनगर थाने में तीन रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
आरके गोला ने संपत्ति ठिकाने लगाने के लिए बनाई कमेटी
आरके गोला और उसके भाई के खिलाफ लगातार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसने अपनी संपत्ति ठिकाने लगाने के लिए खास लोगों को जिम्मेदारी दी है। नरेंद्र की तीनों रिपोर्ट में इसका जिक्र है। नरेंद्र के मुताबिक जब निवेशक कंपनी के कार्यालय गए तो पता चला कि कंपनी का सारा काम अकील अहमद, पुष्पेंद्र कुमार, अमित शर्मा व दो अज्ञात गुर्गे संभाल रहे हैं। यह लोग निवेशकों को झूठे आश्वासन दे रहे हैं। बताया जा रहा है इन लोगों की कमेटी खुद आरके गोला ने बनाई है, इस कारण कंपनी की संपत्ति की देखरेख भी यही कर रहे हैं।