UP: करंट की चपेट में आए भाई को बचाने दौड़ी बहन की मौत, गर्भ में पल रहा बच्चा भी मरा; शोर सुन दौड़े ग्रामीण
सीतापुर के सेमरा गांव में भाई को करंट से बचाने गई किशोरी की मौत हो गई। बेटी को बचाने पहुंची मां भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। जांच में सामने आया कि कटे बिजली कनेक्शन का लटका तार हादसे की वजह बना।
विस्तार
सीतापुर में रेउसा के सेमरा गांव में बुधवार को करंट लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। उसको बचाने के लिए आई उसकी मां भी गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के दौरान महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी रुमीशा (13) का छोटा भाई खंभे से निकले एक तार की चपेट में आ गया। उसको बचाने के लिए रुमीशा दौड़ पड़ी, बालक तो बच गया, लेकिन रुमीशा करंट की चपेट में आकर तड़पने लगी। जब वह शोर मचाने लगी तो काम कर रही उसकी मां शहरबानों दौड़ती हुई आ गई।
उसने अपनी बच्ची को बचाने का प्रयास किया, तो उसको भी बुरी तरह से करंट लग गया। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीण इकठ्ठा हो गए। उन्होंने सभी को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रुमीशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस बात की जानकारी भी दी कि शहरबानों के पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि महिला को बहराइच अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घर में नहीं है बिजली का कनेक्शन
घटना की खास बात तो यह है कि जिस परिवार में करंट लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। उस परिवार में अब तक बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। यह तथ्य पुलिस की जांच में निकलकर आए हैं। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि जांच में जानकारी हुई जिस घर में घटना हुई वहां बिजली का कनेक्शन ही नहीं है।
घर के पड़ोस में मृतका के रिश्तेदार का घर है। वहां पर कुछ समय पहले बिजली का कनेक्शन लिया गया था। बिल न जमा हो पाने की स्थिति में कनेक्शन काट दिया गया था। लेकिन एक तार को पास में ही खंभे से लटका दिया गया था। उसी तार की चपेट में आने से यह घटना हुई है।
