शामली: शिक्षिका ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार, साइबर उत्पीड़न के मामले में दो महीने से कार्रवाई न ह
शामली की शिक्षिका पूनम तोमर ने साइबर उत्पीड़न के मामले में पुलिस पर दो महीने से कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। शिक्षिका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिला आयोग से शिकायत की है। एसपी ने बताया कि आंतरिक परिवाद समिति मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
शामली के गांव मखमूलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में तैनात शिक्षिका पूनम तोमर ने साइबर उत्पीड़न और चरित्र हनन के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई है। शिक्षिका ने एक्स पर वीडियो और पोस्ट साझा कर पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। वहीं, एसपी एनपी सिंह का कहना है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित आंतरिक परिवाद समिति मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षिका ने एक्स पर वीडियो किया पोस्ट
पूनम तोमर का कहना है कि करीब दो माह पहले शामली के प्राथमिक शिक्षक विभाग के शिक्षक और शिक्षिकाओं का समूह भारत स्काउट एवं एडवेंचर दल के कार्यक्रम के तहत शैक्षिक भ्रमण के लिए गोवा गया था। वहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिक्षक और शिक्षिकाओं के नृत्य का वीडियो जिला स्तर के शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया गया था।
शिक्षिका के अनुसार, इसी को लेकर ग्रुप में शामिल एक शिक्षक ने शिक्षिकाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की। उनका आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने 29 जुलाई को शिक्षा विभाग और पुलिस से शिकायत की थी।
यह भी पढ़ें: मिशन 2027: अखिलेश ने बुढ़ाना-सिवालखास समेत सीटों पर साधा फोकस, जाट युवाओं से संवाद की तैयारी
साक्ष्य देने के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप
पूनम तोमर का आरोप है कि शिकायत के साथ पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराने के बावजूद करीब दो महीने बीतने पर भी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें शिक्षकों के ग्रुप में चरित्र हनन और साइबर उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षिका ने आरोप लगाया कि साइबर पुलिस की ओर से भी उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि उन्हें घंटों कार्यालय में बैठाया जाता है और बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शिक्षिका के अनुसार, पुलिस की ओर से उनसे मामले में लागू धाराओं के बारे में भी पूछा गया।
मुख्यमंत्री और महिला आयोग से लगाई गुहार
शिक्षिका का कहना है कि कार्रवाई तो दूर, मामले में प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई। पुलिस से निराशा के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और महिला आयोग से शिकायत की है। उन्होंने इसे नारी सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मामला बताते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूनम तोमर ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो उनके लिए नौकरी करना मुश्किल हो सकता है।
एसपी बोले- समिति कर रही जांच
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा आंतरिक परिवाद समिति गठित की गई है, जो मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति की जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।