राहत की खबर: यमुना नदी का जलस्तर घटा, कुछ दिन पहले दिखाया था रौद्र रूप, जिले में मच गई थी तबाही
Flood Update : शामली जिले के लिए राहत की खबर है। बताया गया कि यमुना नदी का जलस्तर घट गया। हालांकि कुछ दिन पहले ही यमुना नदी ने रौद्र रूप दिखाया था, जिससे शहर में तबाही मच गई थी।
विस्तार
हथिनी कुंड बैराज पर पानी का दबाव कम होने के चलते यमुना नदी का जलस्तर घटकर 230.12 मीटर दर्ज किया गया। हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में डिस्चार्ज किए जाने वाले पानी की मात्रा भी धीरे-धीरे कम होती जा रही है।
बताया गया कि 11 जुलाई को यमुना नदी ने क्षेत्र में अपना रौद्र रूप दिखाया था। यमुना में आई बाढ़ का पानी हरियाणा के सनौली स्थित गौशाला में पहुंच गया था, जिस कारण सात गोवंश की मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें: UP: तमंचा तानकर लगवाए जय श्रीराम के नारे, गले में भगवा गमछा डाल पीटा, मस्जिद से घर लौट रहा था शहरकाजी का बेटा
उधर, सहपत के पास भी यमुना की बाढ़ का पानी तटबंध का करीब 40 मीटर हिस्सा बहा कर ले गया था। बाढ़ का पानी हजारों बीघा फसलों में भर गया था। लेकिन इसके बाद से यमुना में पानी की मात्रा धीरे-धीरे कम होती चली गई।
वहीं, बुधवार शाम को यमुना नदी का जलस्तर 230.6 मीटर दर्ज किया गया था। गुरुवार सुबह 8:00 बजे यमुना नदी का जलस्तर समुद्र तल से 230.2 मीटर की ऊंचाई पर बह रहा था। गुरुवार सुबह हथिनी कुंड बैराज से यमुना नदी में 28,723 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किया गया।
यह भी पढ़ें: नहीं थम रहीं सिसिकियां: 12 मौतों के बाद बचा सिर्फ गम, हादसे को याद कर सिहर उठते हैं परिजन, दर्दनाक थे वो पल