अग्निवीर भर्ती 2026: बुलंदशहर के 815 अभ्यर्थियों ने पास की दौड़, 1065 युवाओं ने दिखाई शारीरिक क्षमता
सहारनपुर में जारी अग्निवीर भर्ती रैली में बुलंदशहर सदर और खुर्जा तहसील के 1065 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। इनमें 815 अभ्यर्थी सफल रहे। अब शारीरिक दक्षता और मेडिकल परीक्षण जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली में मंगलवार को बुलंदशहर सदर और खुर्जा तहसील के अभ्यर्थियों ने दमखम दिखाया। सेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार दोनों तहसीलों के 1182 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। इनमें से 1065 अभ्यर्थियों ने दौड़ में हिस्सा लिया और 815 ने सफलता हासिल की। सफल अभ्यर्थियों की आगे शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है।
1182 अभ्यर्थियों को बुलाया, 1065 ने लगाई दौड़
बुलंदशहर सदर और खुर्जा तहसील के कुल 1182 अभ्यर्थियों को भर्ती रैली के लिए बुलाया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत 1065 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल हुए। सुबह से ही स्टेडियम में भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं की भीड़ रही।
दौड़ में शामिल 1065 अभ्यर्थियों में से 815 ने निर्धारित परीक्षा सफलतापूर्वक पास की। सफल अभ्यर्थियों को भर्ती के अगले चरण के लिए भेजा गया है। अब उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है।
मेजर जनरल मनीष कुमार ने लगातार दूसरे दिन किया निरीक्षण
भर्ती रैली के दौरान मेजर जनरल मनीष कुमार, एडिशनल डायरेक्टर जनरल रिक्रूटिंग जोन लखनऊ, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड ने लगातार दूसरे दिन भर्ती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के शांतिपूर्ण और सुचारु संचालन की समीक्षा की।
मेजर जनरल मनीष कुमार ने अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग, दस्तावेज जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षा, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत कर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही सेना के अधिकारियों को प्रक्रिया को और प्रभावी व सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
13 जिलों के 25920 अभ्यर्थियों की होनी है परीक्षा
सहारनपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में 13 जिलों के कुल 25920 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है। अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों को निर्धारित दिन भर्ती प्रक्रिया में शामिल कराया जा रहा है। भर्ती रैली के सबसे अंत में सहारनपुर जिले के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।
सेना के साथ पुलिस ने संभाली सुरक्षा
भर्ती रैली को देखते हुए स्टेडियम और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सेना के साथ पुलिस बल भी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है। भर्ती प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।