Shamli: पुलिस की वर्दी पहनकर सेवानिवृत्त शिक्षक से ठगी, होमगार्ड समेत दो आरोपी गिरफ्तार
शामली के शहर कोतवाली के गांव बुटराड़ी में सेवानिवृत्त शिक्षक से ठगी का मामला सामने आया है। होमगार्ड ने अपनी साथी के साथ पुलिस की वर्दी पहनकर शिक्षक से 25 हज़ार रुपये ठग लिए। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कब्ज़े से ठगी की रकम और एक बाइक बरामद की है।
विस्तार
शामली में शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटराड़ी में आठ दिन पहले सेवानिवृत्त शिक्षक से पुलिस की वर्दी पहनकर 25 हजार रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने होमगार्ड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। होमगार्ड सहारनपुर जिले के थाना ननौता में तैनात है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगे गए 25 हजार रुपये व घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है। गांव बुटराड़ी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि नौ जनवरी को बिना नंबर की बाइक सवार पुलिस की वर्दी पहने दो युवकों ने उनसे 25 हजार रुपये ठग लिए थे। आरोपियों ने पीड़ित को बताया था कि वे लांक पुलिस चौकी पर तैनात हैं और उनकी पुत्रवधू जो पुलिस में है, उसके साथ ट्रेनिंग की और पोस्टिंग पर भी साथ रहे हैं। आरोपियों ने अपने नाम गौरव तोमर और दीपक राठी बताते हुए रुपयों की सख्त जरूरत बताई और पीड़ित को एक घंटे बाद वापस करने का झांसा दिया था। पीड़ित की तरफ से शहर कोतवाली में 11 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
होमगार्ड कमांडेंट को भेजा पत्र
सीओ सिटी अपेक्षा ने शनिवार को बताया कि इस घटना में शामिल दोनों आरोपी सोनू निवासी गांव चौरा और विपिन निवासी गांव मित्तलगढ़ थाना ननौता जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया है। सोनू ननौता थाने पर होमगार्ड है। उसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए सहारनपुर के जिला कमांडेंट को पत्राचार किया जा रहा है। आरोपी विपिन ने घटना में प्रयुक्त बाइक को अपना बताया है, लेकिन बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी है और चैसिस नंबर भी स्पष्ट अंकित होना नहीं पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
पूर्व में दो घटनाओं में शामिल रहे आरोपी
सीओ सिटी ने बताया कि दोनों आरोपी विपिन और सोनू पहले भी दो घटनाओं में शामिल रहे हैं। 2015 में दोनों आरोपियों ने झिंझाना थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर बाइक में 100 रुपये का तेल भरवाया था और सेल्समैन से पांच हजार रुपये लूटकर भाग गए थे। इसके अलावा विपिन पर 2016 में ननौता में हमला करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है। दोनों मामलों में आरोपी जेल गए थे और जमानत पर चल रहे थे।