Shamli : चीनी मिल के जेएमडी व एडवाइजर को हिरासत में लिया, गन्ने के भुगतान से जुड़ा है मामला
Shamli News : शामली में चीनी मिल के जेएमडी व एडवाइजर को हिरासत में लिया गया है। गन्ने का भुगतान न करने पर यह कार्रवाई की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली में पिछले पेराई सत्र का 262 करोड़ छह लाख 45 हजार रुपये का बकाया गन्ना भुगतान न करने पर गन्ना आयुक्त लखनऊ की तरफ से शामली मिल की आरसी जारी होने के बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया। डीएम के आदेश पर शामली चीनी मिल के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल लाल और एडवाइडजर अशोक अग्रवाल को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली में बैठाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिल अधिकारियों में हड़कंप मचा है।
शामली चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र का 2022-23 का किसानों का 262 करोड़ छह लाख 45 हजार रुपये का बकाया गन्ना भुगतान है। किसानों के धरना-प्रदर्शन के बाद भी किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो सका।
वहीं, मंगलवार को गन्ना आयुक्त लखनऊ प्रभु एन सिंह ने शामली चीनी मिल की आरसी जारी कर दी थी। आरसी जारी होने के बाद बुधवार को डीएम रविंद्र सिंह ने मिल अधिकारियों को कलक्ट्रेट में बुलाया और बकाया गन्ना भुगतान करने के बारे में स्थिति स्पष्ट करने को कहा, लेकिन मिल अधिकारी बकाया भुगतान किसानों को देने के बारे में कोई स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए।
इसके बाद दोपहर करीब दो बजे डीएम ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए शामली मिल के जेएमडी राहुल लाल व एडवाइजर अशोक अग्रवाल को हिरासत में लेने का निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों को कोतवाली में बैठा रखा है।
यह भी पढ़ें: Meerut: ढाई लाख लोगों को 45 दिन नहीं मिलेगा गंगाजल, मई-जून की भीषण गर्मी में पानी के लिए तरसेंगे शहरवासी
इस संबंध में शामली मिल के लीगल डीजीएम बिशंबर दादुआ ने बताया कि गन्ना मूल्य को लेकर मिल की आरसी जारी हुई थी। इस संबंध में अधिकारियों को कलक्ट्रेट में बुलाया गया था। भुगतान के संबंध में उनसे शपथ पत्र मांगा गया है। शपथ पत्र तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा मिल के जेएमडी व एडवाइजर को कोतवाली में लाया गया है, लेकिन वे पुलिस की हिरासत में नहीं है।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज वारदात: दो युवकों की लाश मिलने से मचा हड़कंप, शवों के पास से बरामद हुआ मोबाइल, जांच में जुटे अफसर