Shamli : पिता के बाद अब बेटे को भी गोली मारी! मामौर के जंगल में पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम
कैराना के मामौर जंगल में हरियाणा निवासी युवक रोहित को पैर में गोली मारी गई। इसी जगह जून में उसके पिता की भी हत्या हो चुकी है। पुलिस जांच में जुटी है, पुरानी रंजिश का मामला।
विस्तार
उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा से लगे मामौर के जंगल में शनिवार दोपहर खौफ और रंजिश का एक और अध्याय सामने आया। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव कुराड़ निवासी रोहित देशवाल को अज्ञात हमलावरों ने पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना उस समय हुई जब रोहित अपनी कृषि भूमि पर धान की फसल कटवाने गया था। करीब दोपहर 12 बजे, जंगल में छिपे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली रोहित के पैर में जा लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत पानीपत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: CM Visit: चार अगस्त को मेरठ आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तैयारियां तेज, पुलिस प्रशासन अलर्ट
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 16 जून को इसी स्थान पर रोहित के पिता देवेंद्र देशवाल की भी हत्या कर दी गई थी। उन्हें चाकू और गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया था।
रोहित ने उस समय दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। तीन आरोपी गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं, लेकिन रोहित और उसका परिवार अब भी कुछ अन्य नामों को जोड़ने की मांग कर रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।