शाहजहांपुर: डीएम कंपाउंड में अधिकारी के बंगले को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी-जेवर समेत लाखों की चोरी
शाहजहांपुर में चोरों ने डीएम कंपाउंड में सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त के बंगले को निशाना बनाया। चोर 65 हजार रुपये नकदी और करीब 3.80 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए।
विस्तार
शाहजहांपुर में सुरक्षित माने जाने वाले डीएम कंपाउंड में चोरों ने सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक के बंगले को निशाना बनाया। चोर बंगले का ताला तोड़कर 65 हजार रुपये की नकदी और करीब 3.80 लाख रुपये कीमत के सोने-हीरे के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब केयरटेकर खाना खाने के लिए घर गया था। महज ढाई घंटे के भीतर चोरों ने बंगले में घुसकर अलमारियों के लॉक तोड़ दिए और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरी के खुलासे के लिए टीमें गठित की हैं।
सहकारिता विभाग में तैनात सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक गणेश गुप्ता जून से ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित डीएम कंपाउंड के बंगला नंबर बी-30 में रह रहे हैं। छह नवंबर को वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपने गृह जनपद महाराजगंज चले गए थे। बंगले की देखरेख की जिम्मेदारी केयरटेकर दिलीप के पास थी।
नौ नवंबर की रात करीब 7:30 बजे दिलीप खाना खाने के लिए अपने घर चला गया। रात करीब 10 बजे जब वह खाना खाकर वापस बंगले पर पहुंचा तो वहां के हालात देखकर उसके होश उड़ गए। चोरों ने बंगले के पीछे आंगन की ओर बने दरवाजे की कुंडी काट दी थी। इसके बाद घर में दाखिल होकर दोनों अलमारियों के लॉक तोड़ दिए और नकदी व जेवरात चोरी कर लिए थे।
10 नवंबर की शाम सहायक आयुक्त गणेश गुप्ता महाराजगंज से वापस शाहजहांपुर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घर के अंदर दोनों अलमारियों के लॉक टूटे पड़े थे। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे 65 हजार रुपये, सोने की दो चेन, एक सोने का हार, हीरे की अंगूठी और डायमंड ईयररिंग्स नदाराद थीं। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 3.80 लाख रुपये बताई गई है। उन्होंने तत्काल सदर बाजार थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और तहरीर दी।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरी के खुलासे के लिए टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
पहले भी चोरों के निशाने पर रहा है डीएम कंपाउंड
डीएम कंपाउंड में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चोर यहां बंद सरकारी आवासों को निशाना बना चुके हैं। अप्रैल 2023 में एसडीएम तिलहर रहीं राशि कृष्णा का बदायूं तबादला होने के बाद चोरों ने उनके बंद क्वार्टर का ताला तोड़ दिया था। इसके बाद एसडीएम सदर रहे सुशांत श्रीवास्तव का गैर जनपद तबादला होने पर चोरों ने उनके क्वार्टर का ताला तोड़कर एक लाख रुपये का माल उड़ा दिया था।
दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में करीब आठ महीने बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। इसके बावजूद एक बार फिर डीएम कंपाउंड में चोरी की घटना ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।