गंगा एक्सप्रेस-वे: शाहजहांपुर में गांव अतिबरा के पास बनेगा फ्लाईओवर, हटेगी बजरंगबली की विशाल प्रतिमा
अतिबरा गांव को जाने वाली मोड़ के पास करीब 12 फुट ऊंची श्री हनुमान की प्रतिमा स्थापित है। यह जगह बजरंगबली मोड़ के नाम से जानी जाती है। गंगा एक्सप्रेस-वे के फ्लाईओवर के निर्माण के चलते इस विशाल प्रतिमा को हटाया जाएगा।
विस्तार
मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर के जलालाबाद से करीब आठ किलोमीटर आगे अतिबरा गांव के सामने बरेली हाईवे को क्रॉस करेगा। यहां फ्लाईओवर बनाने के साथ ही सर्विस रोड तैयार करने का काम तेजी से हो रहा है। अतिबरा मोड़ के पास बनी पुलिस चौकी और दो मंदिरों को हटाया जा चुका है। अब यहां स्थापित बजरंगबली की विशाल प्रतिमा को हटाया जाएगा।
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से चल रहा है। शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे का करीब 41 किलोमीटर हिस्सा है। जलालाबाद तहसील में बुधुआना से लेकर हरदोई जनपद की सीमा तक करीब 21 किलोमीटर के बीच एक्सप्रेस-वे के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
मिट्टी डालने, लेवलिंग, अंडरपास, सपोर्टिंग वाल और फ्लाईओवर बनाने जैसे कार्य एक साथ किए जा रहे हैं। शाहजहांपुर हाईवे पर एक्सप्रेस-वे की क्रॉसिंग के लिए गांव उबरिया के पास फ्लाईओवर बनाने के लिए पिलर खड़े किए जा चुके हैं। बरेली हाईवे पर अतिबरा मोड़ के समीप भी फ्लाईओवर बनेगा। बरेली हाईवे अभी दस मीटर चौड़ा है लेकिन फ्लाईओवर फोर लेन बनाया जाना प्रस्तावित है।
अतिबरा मोड़ की पहचान हो जाएगी गुम
अतिबरा गांव को जाने वाली मोड़ के पास करीब 12 फुट ऊंची श्री हनुमान की प्रतिमा स्थापित है। यह जगह बजरंगबली मोड़ के नाम से जानी जाती है। यहां फ्लाईओवर और सर्विस रोड बनने के रास्ते में इस मूर्ति के अलावा भगवान शिव और नंदी की विशाल मूर्ति वाला मंदिर बना था।पुलिस चौकी भी स्थापित थी। बजरंगबली की मूर्ति को छोड़कर अन्य सभी को यहां से हटाया जा चुका है। लोगों की आस्था को देखते हुए यह मूर्ति तब हटाई जाएगी जब नई मूर्ति बनाकर उसकी दूसरी जगह प्राण प्रतिष्ठा कर दी जाएगी। मूर्ति हटने के बाद इस जगह की पहचान गुम जाएगी।
बन रही है नई मूर्ति और मंदिर
लोगों की आस्था बजरंगबली की मूर्ति से जुड़ी होने के कारण एक्सप्रेस-वे निर्माण कंपनी बजरंगबली की उसी ऊंचाई की मूर्ति समेत अन्य मंदिरों का निर्माण उससे करीब एक किलोमीटर आगे गांव उदरापुर में करा रही है। अतिबरा के प्रधान राहुल ने बताया कि मूर्ति और मंदिरों के निर्माण के लिए उन्होंने अपनी ग्राम पंचायत में जमीन उपलब्ध करा दी है। इस पर निर्माण चल रहा है। निर्माणाधीन एक मंदिर में भगवान शिव और दूसरे में नंदी को स्थापित किया जाएगा।नहीं हटी बिजली लाइन, काम हो रहा प्रभावित
आगामी लोकसभा चुनाव और प्रयागराज में कुंभ को देखते हुए एक्सप्रेस-वे निर्माण का कार्य काफी तेज रफ्तार से चल रहा है। एक्सप्रेस-वे के निर्माण के रास्ते में आने वाले पेड़ और कच्चे तथा पक्के निर्माण काफी समय पहले हटाए जा चुके हैं लेकिन कई जगहों पर बिजली लाइन को अभी तक शिफ्ट नहीं किया जा सका है। लाइन वाली जगहों पर मिट्टी डालने का कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। जबकि अन्य स्थानों पर कार्य काफी आगे बढ़ चुका है। इस क्षेत्र में गांव अतिबरा के पास बन रहे अंडरपास के पीछे भी बिजली की कई लाइनें अभी नहीं हटाईं गईं जिस कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।एक्सप्रेस-वे का निर्माण आवश्यक
महंत छोटे दास ने बताया कि बजरंगबली की मूर्ति से बड़ी संख्या में लोगों की आस्था जुड़ी है और यह मूर्ति इस इलाके की पहचान है। हम सभी चाहते थे कि मूर्ति न हटे मगर एक्सप्रेस-वे का निर्माण मूर्ति के कारण नहीं रोका जा सकता।क्षेत्र का होगा कायाकल्प
अतिबरा के पुष्पेंद्र ने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के बनने में जिस वृहद स्तर पर काम चल रहा है, उसे देखकर लग रहा है कि इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प हो जाएगा। विभिन्न गांवों तक आने-जाने को कई नईं सड़कें बन रहीं हैं।
बिजली निगम के एसडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि पहले भेजे गए एस्टीमेट के सापेक्ष जितना धन आवंटित हुआ है, उससे लाइन हटाने का काम किया गया। बाद में यूपीडा के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर इससे जुड़े कई और काम बता दिए। इसका रिवाइज एस्टीमेट बनाकर यूपीडा को भेजा गया है। बजट मिलने पर ही आगे का कार्य होगा।