Shahjahanpur: पूर्व सभासद के पति को जेल भेजने पर भड़के सपाई, चौक कोतवाली का घेराव कर धरना प्रदर्शन
सपा नेताओं का आरोप है कि भाजपा नेता के इशारे पर पुलिस ने गुलजार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और उन्हें बातचीत करने की बात कहते हुए 120 बी के तहत जेल भेज दिया।
विस्तार
शाहजहांपुर में चौक कोतवाली के मोहल्ला बाबूजई निवासी पूर्व सभासद के पति गुलजार उर्फ मुन्ना के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर 120 बी का आरोपी बनाकर जेल भेजने पर शनिवार को सपा के कार्यकर्ता भड़क गए। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए चौक कोतवाली पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रभारी एसपी के आश्वासन पर ढाई घंटे बाद धरना खत्म किया। इस दौरान जाम लगा रहा।
मोहल्ला बाबूजई में जलापूर्ति को लेकर काफी दिनों से लोग जूझ रहे हैं। करीब एक सप्ताह पहले सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुना था। उसके बाद अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकाला। जलापूर्ति की दिक्कत को खत्म करने के लिए गड्ढा खोदने को लेकर भाजपा के नेता की मोहल्ले के युवक से विवाद हो गया।
ये भी पढ़ें- बरेली में फर्जी पुलिसवाला गिरफ्तार: रात में ड्यूटी की बात कहकर निकलता था घर से, पोल खुली तो पत्नी रह गई दंग
पूर्व सभासद के पति गुलजार उर्फ मुन्ना ने बीच-बचाव करा दिया। आरोप है कि भाजपा नेता के इशारे पर पुलिस ने गुलजार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और उन्हें बातचीत करने की बात कहते हुए 120 बी के तहत जेल भेज दिया। सपाइयों को सूचना मिली तो वे शनिवार शाम सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के साथ कोतवाली पहुंच गए।
सपा जिलाध्यक्ष ने की ये मांग
भीड़ बढ़ने पर रोजा व सदर थाने की पुलिस फोर्स भी बुला लिया गया। नगर मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा, सीओ सिटी बीएस वीर कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाने का प्रयास किया। सपाइयों ने उनकी बात को नहीं माना। इसके बाद एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने पहुंचकर बातचीत की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले सपा कार्यकर्ता अमन गुर्जर पर भी धारा 307 व 354 के तहत मुकदमा कायम हुआ है। उसकी भी जांच कराकर मुकदमा वापस लिया जाए।ये भी पढ़ें- Bareilly News: कुर्बानी से पहले चोरी हुआ बकरा, पुलिस ने पांच घंटे में तलाशा; टेंपो चालक समेत दो गिरफ्तार
एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, साथ ही प्रभारी एसपी संजीव कुमार वाजपेयी से फोन पर बातचीत कर धरने को समाप्त कराया। धरना देने वालों में जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव, संजीव वर्मा, राजेश कश्यप, उपेंद्र पाल, अती उल्ला सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।
पिता को ले जा रहे थे मेडिकल कॉलेज
गुलजार के पिता की तबीयत खराब होने पर वह उन्हें मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए ले जा रहे थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बेरी चौकी इंचार्ज ने बातचीत करने के बहाने बुलाया और कार्रवाई कर कोर्ट के सामने पेश कर दिया।
एसपी सिटी सुधार जायसवाल ने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान गुलजार की मां की तरफ से प्रार्थना पत्र मिला है, जिसके आधार पर दोबारा जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।