मुंबई: टाइगर श्रॉफ केस की जांच कर रही यूनिट ने पकड़े हथियार, कारतूस, एक गिरफ्तार, तीन फरार
मुंबई के आग्रीपाड़ा इलाके में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से 31 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध फरार हो गए। विस्तार से पढ़ें पूरा मामला।
विस्तार
टाइगर श्रॉफ केस की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने आग्रीपाड़ा इलाके से दो देसी पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूसों के साथ 31 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ठाणे के वागले एस्टेट निवासी गणेश श्रीकांत लांडगे (31) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर है। उसे 14 नवंबर को तड़के करीब 1:15 बजे गिरफ्तार किया गया। अमूमन आर्म्स एक्ट के मामले लोकल पुलिस को सौंप दिए जाते हैं, लेकिन चूंकि इस केस की जांच क्राइम ब्रांच की यूनिट खुद कर रही है, इसलिए इसे काफी अहम माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर सुहास माने को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना वैध लाइसेंस के हथियार और कारतूस लेकर आग्रीपाड़ा के के.के. मार्ग स्थित म्युनिसिपल इंडस्ट्रियल एस्टेट के गेट के बाहर आने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर माने के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर ट्रैप लगाया। तड़के करीब 1:10 बजे म्युनिसिपल इंडस्ट्रियल एस्टेट के गेट के बाहर डोसा कंपाउंड के पास चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें दबोचने की कोशिश की, तो उन्होंने विरोध किया और भागने लगे। पुलिस ने दौड़कर गणेश लांडगे को पकड़ लिया, जबकि बाकी तीन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
तलाशी के दौरान पुलिस को लांडगे की पैंट के पिछले हिस्से में कमर के पास से दो देसी पिस्तौल और जेब से 18 जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा एक पिस्तौल की नाल के अंदर भी एक जिंदा कारतूस मिला, जिससे कुल 19 कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने जब्त हथियारों और कारतूसों की कीमत करीब 79 हजार रुपये बताई है।
हथियारों के साथ पकड़े गए इस आरोपी का संबंध टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना से है या नहीं, इस बारे में क्राइम ब्रांच ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, गौर करने वाली बात यह है कि जिस यूनिट ने यह कार्रवाई की है, वही टाइगर श्रॉफ शूटआउट मामले की भी जांच कर रही है। रिमांड की सुनवाई के दौरान क्राइम ब्रांच ने अदालत को बताया कि संदिग्ध को जिस जगह से पकड़ा गया, वह उसके कार्यालय से कुछ ही दूरी पर है। इसी कार्यालय में टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार कुछ आरोपियों को भी रखा गया था।
क्राइम ब्रांच ने अदालत से आरोपी की तीन दिन की पुलिस हिरासत मांगी है, ताकि हथियारों के सोर्स का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली थी या नहीं, उसके साथ फरार हुए तीनों लोग कौन थे और इन हथियारों को रखने के पीछे उसका असली मकसद क्या था।
इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1)(ए) और 135 तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। शुरुआत में यह मामला आग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था, जिसे बाद में आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 को ट्रांसफर कर दिया गया।
