तिलहर। पंचायत चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने के भय से अधूरी तैयारियों के साथ शनिवार को 28 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर पालिका के सभागार में आधी-अधूरी तैयारियों के साथ शादी समारोह का आयोजन किया। विवाह समारोह में निगोही व खुदागंज के पांच-पांच, जैतीपुर के नौ, तिलहर के सात और ददरौल ब्लॉक के दो जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें से 27 जोड़ों की हिंदू रीति रिवाज व एक जोड़े का मुस्लिम रीति से विवाह संपन्न हुआ। आननफानन में संपन्न कराए गए वैवाहिक कार्यक्रम में नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भी नहीं दिया गया। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि शादी समारोह अचानक हुआ है, इसलिए नवदंपतियों को दिए जाने वाले उपहार के एवज में 10 हजार रुपये उनके खातों में भेजा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान एडीओ राघवेंद्र मोहन शर्मा, महेंद्र कनौजिया, संजीव कुमार, मनोज कुमार, सुधीर गंगवार आदि मौजूद रहे।