Shahjahanpur: गंगा सतलुज एक्सप्रेस के शौचालय में यात्री ने किया कुछ ऐसा, मच गई खलबली; रोकनी पड़ी ट्रेन
उत्तर प्रदेश के इटावा में 12 घंटे के भीतर दो ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बीच गंगा सतलुज किसान एक्सप्रेस के शौचालय से धुआं निकलता देख यात्रियों में खलबली मच गई।
विस्तार
फिरोजपुर से धनबाद जाने वाली 13308 गंगा सतलुज किसान एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार सुबह आग लगने की सूचना पर रेलवे के अफसरों में खलबली मच गई। रोजा स्टेशन से निकलने के बाद अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल स्टेशन पर ट्रेन रोककर बोगी को चेक किया। सब ठीक मिलने के बाद करीब आधे घंटे के बाद ट्रेन को रवाना किया। बताते हैं कि यात्री शौचालय में बैठकर सिगरेट पी रहा था। उसी का धुआं बोगी में फैल गया था।
बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ की ओर डाउन लाइन पर जा रही किसान एक्सप्रेस सुबह 8.11 बजे शाहजहांपुर स्टेशन से रवाना की गई थी। रोजा स्टेशन पर पहुंचने पर डीआरएम की आगवानी के लिए खड़े स्टेशन अधीक्षक एसके यादव ने एस-वन कोच में धुआं निकलते हुए देखा। लगातार ट्रेनों में आग की घटना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत ही कंट्रोल को जानकारी दी गई। कंट्रोल के आदेश पर अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। रेलवे के कर्मचारियों ने बोगी को चेक किया। उसमें सब ठीक मिला।
ये भी पढ़ें- Shahjahanpur: घर से लापता हुई युवती, आधी रात इस हालत में मिली, परिवार वाले रह गए सन्न
करीब 30 मिनट रुकी रही ट्रेन
यात्रियों ने शौचालय की तरफ से धुआं आने की शिकायत की। माना जा रहा है कि स्लीपर कोच होने के चलते यात्री शौचालय में बैठकर सिगरेट पी रहा होगा। इस बीच करीब 30 मिनट के बाद ट्रेन को आगे की ओर रवाना कर दिया गया। रोजा के स्टेशन अधीक्षक एसके यादव ने बताया कि बोगी से धुआं निकलता देखकर कंट्रोल को सूचना दी थी। जीआरपी इंस्पेक्टर रेहान अहमद के अनुसार, किसी ने आग लगने की भ्रामक सूचना कंट्रोल को दे दी थी।
अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल स्टेशन के अधीक्षक एके गौतम ने बताया कि कंट्रोल के आदेश पर पंडित राम प्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन पर गंगा सतलज एक्सप्रेस को रोका गया। पता लगा कि शौचालय में कोई सिगरेट पी रहा था, जिसका धुआं बोगी में फैल गया था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मेमो मिलने के बाद स्टाफ के जरिये जांच कराई थी। ट्रेन में सब ठीक मिलने पर गाड़ी को रवाना कर दिया गया।