पानी के विवाद में रिश्ते का खून: लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर सगे भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
शाहजहांपुर में एक युवक ने पानी के विवाद में अपनी भाई की जान ले ली। उसने लाइसेंसी रायफल से भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के थाना मदनापुर क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है। पानी को लेकर हुए विवाद में युवक ने अपने सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार रात हुई वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी पप्पू यादव (40) की उसके सगे भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक बुधवार रात पप्पू यादव का पुत्र घर में नल से पानी लेने गया था। तभी उसके चाचा से विवाद हो गया। गाली-गलौज होने लगी।
लाइसेंसी रायफल से मारी गोली
दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस बीच भाई ने अपने सगे भाई पप्पू को लाइसेंसी रायफल से गोली मार दी। गोली लगते ही पप्पू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे लेकर सीएचसी पर पहुंचे, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
UP News: शाहजहांपुर में अस्पताल संचालिका का शव मिलने से सनसनी, हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि नल से पानी भरने को लेकर विवाद के बाद लाइसेंसी रायफल से फायर किया गया था। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।