UP News: शाहजहांपुर में नर्सिंग होम संचालिका का शव मिलने से सनसनी, पार्टनर पर हत्या की रिपोर्ट
शाहजहांपुर में एक अस्पताल संचालिका का शव अस्पताल में ही फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के कुर्रियाकलां रोड पर स्थित नर्सिग होम की संचालिका का शव बृहस्पतिवार तड़के चैंबर में पंखे से लटका मिला। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को उतारा गया। महिला के पति ने नर्सिंग होम के पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। दोपहर में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के दौरान परिजनों ने हंगामा कर दिया। शव को छीनने का प्रयास किया। तीखी नोकझोंक के बीच पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने मामले में पार्टनर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुवायां के गांव कहमारा निवासी रुचि सक्सेना की शादी हरदोई जिले के थाना शाहबाद क्षेत्र के उधरनपुर गांव निवासी मुलायम सक्सेना चार साल पहले हुई थी। रुचि ने 25 जनवरी को कांट के अकर्रारसूलपुर निवासी सोनू वर्मा उर्फ माया प्रकाश की पार्टनरशिप में कुर्रियाकलां रोड पर नर्सिंग होम खोला था। किराये के भवन में संचालित नर्सिग होम में काफी मरीज रोजाना आते थे।
डॉक्टर बनकर करती थी उपचार
पुलिस के अनुसार, नर्स का कोर्स किए रुचि डॉक्टर के रूप में मरीजों का उपचार करती थी। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात नर्सिग होम का पार्टनर सोनू लगातार उसके नंबर पर कॉल कर रहा था। स्टाफ में कार्यरत दो युवक भी फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। रात करीब दो बजे सोनू घर से नर्सिग होम पहुंचा। आवाज लगाने पर अंदर से कोई आहट नहीं होने पर दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे। अंदर महिला का शव लटका हुआ था। इसके बाद डॉयल-112 में सूचना दी गई।
पुलिस ने मौका-मुआयना किया। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी। आरोप लगाया कि पार्टनर सोनू ने अपने दो सहयोगी विद्यासागर व पंकज के साथ मिलकर पीटकर हत्या कर शव पंखे से लटका दिया। पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। तीनों को हिरासत में ले लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौका-मुआयना भी किया है।
पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई
दोपहर करीब एक बजे परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया। स्ट्रेचर पर शव को रखकर परिजन सड़क पर ले आए। वे डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों के नहीं आने तक परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए न ले जाने देने पर अड़ गए। सीओ सदर अमित चौरसिया भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्ट्रेचर को लेकर छीनाझपटी हुई। इस बीच जमकर नोकझोंक हुई। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.