UP News: शाहजहांपुर में सेल एग्री कमोडिटीज राइस मिल पर आयकर का छापा... दूसरे दिन भी जारी रही जांच
पुवायां के गांव इनायतपुर स्थित सेल एग्री कमोडिटीज राइस मिल में आयकर विभाग की टीम दूसरे दिन भी डटी रही। बैंक अकाउंट के साथ मिल के लेन-देन का हिसाब किताब खंगाला। 30 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी थी।
विस्तार
शाहजहांपुर जिले के पुवायां के गांव इनायतपुर स्थित सेल एग्री कमोडिटीज राइस मिल में 15 दिसंबर की सुबह पहुंची आयकर अधिकारियों की टीम 30 घंटे बाद भी अभिलेख खंगालने और कंप्यूटरों की जांच में जुटी रही। कंपनी के बैंक अकाउंट आदि से भी कंपनी के लेन-देन का मिलान किया जा रहा है।
हरियाणा और दिल्ली के नंबरों के टैक्सी वाहनों से आयकर विभाग के अधिकारी पुलिस बल के साथ 15 दिसंबर की सुबह छह बजे सेल एग्री कमोडिटीज पहुंचे थे। अधिकारियों ने मिल के सुरक्षा गार्डों को हटाकर गेट पर पुलिस तैनात कर दी थी और रात की पाली के श्रमिकों, कर्मचारियों के मोबाइल आदि जमा कराने के बाद सुबह दस बजे कारखाने से बाहर निकाल दिया था। दिन की पाली के कर्मियों को मिल में नहीं जाने दिया गया था। सोमवार रात बेहद जरूरी सेवाओं के कर्मियों को मिल में जाने दिया गया, लेकिन उनके मोबाइल पुलिसकर्मियों ने जमा करा लिए थे।
ट्रकों की लगी लंबी लाइन
मंगलवार सुबह भी मिल गेट पर सन्नाटा पसरा रहा। बाहर से धान लेकर आए ट्रकों की लंबी लाइन मिल के दोनों ओर लग गई है। धान का उतार न होने से ट्रक चालक और धान भेजने वाले व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि धान नहीं उतरने से ट्रकों का ज्यादा किराया उनको भरना पड़ेगा। मंगलवार दोपहर तक भी आयकर विभाग के अधिकारियों ने मीडिया को जानकारी नहीं दी है। मिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोबाइल स्विच ऑफ होने से उनका पक्ष भी नहीं मिल सका है।