पुलिया में फंसी कार: अखिलेश यादव ने कसा तंज- वन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए क्या यही रास्ता बचा है
शाहजहांपुर में 22 दिसंबर को स्टेट हाईवे पर एक कार निर्माणाधीन पुलिया पर चढ़कर लटक गई थी। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस तस्वीर को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा है।
विस्तार
शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र में फतेहगंज पूर्वी से दातागंज जाने वाला निर्माणाधीन स्टेट हाईवे सुर्खियों में आ गया है। 22 दिसंबर को इस मार्ग पर कार निर्माणाधीन पुलिया पर चढ़कर लटक गई थी। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिया में फंसी कार की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर तंज कसा है। अखिलेश ने लिखा,' वन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए क्या यही रास्ता बचा है।
यह था मामला
अलीगढ़ जिले के सर सैयद नगर निवासी नुमैर खान अपनी मां और छोटे भाई के साथ कार से शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के हयातपुरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। स्टेट हाईवे पर गांव मरुआझाला मढ़ी के पास फर्म शकुंतला के मालिक रमेश सिंह पुलिया का निर्माण कार्य करा रहे हैं। नुमैर ने बताया कि सुबह करीब सात बजे रोड के बीच में बनी पुलिया के आसपास संकेतक और अवरोधक नहीं होने के चलते उनकी कार निर्माणाधीन पुलिया के ऊपर चढ़ गई। हादसे में उनका हाथ और उनकी मां रेहाना की कमर की हड्डी टूट गई।
संकेतक लगे होते तो निर्माण का चलता पता
नुमैर के अनुसार पुलिया के नजदीक संकेतक और अवरोधक भी नहीं लगे हैं। ऐसे में आगे के रास्ते का अंदाजा नहीं लग सका। सुबह साढ़े सात बजे हल्का कोहरा होने और संकेतक नहीं होने से हादसा हो गया। तीन लोग काफी देर तक लटकी कार में फंसे रहे थे।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रथिन सिन्हा का कहना था कि स्टेट हाईवे के सात किलोमीटर का हिस्सा तीन मीटर से सात मीटर चौड़ा किया जाना है। इसी सड़क पर पुलिया का निर्माण शेष रह गया है। पुलिया से पूर्व एक डायवर्जन दिया गया है। यहां डायवर्जन का बोर्ड भी लगा हुआ है, मिट्टी का ढेर भी लगा हुआ है। संभव है कि कोहरे की वजह से हादसा हो गया हो।