साढौली कदीम (सहारनपुर)। थाना चिलकाना के गांव तिड़फवा में अवैध खनन से लदे वाहनों की बड़ी संख्या में गांव के बीचोंबीच आवाजाही से परेशान ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने गांव से ओवरलोड वाहनों के गुजरने पर रोक लगाने की मांग की।
तिड़फवा निवासी ग्रामीण नौशाद, शहीद, वहीद, फुरकान, नवाब, जावेद, वसीम, बिलाल, मदनलाल, सुक्कड, विकास, सुखपाल आदि ने रविवार को गांव के बीचोंबीच गुजर रहे खनन से लदे ओवरलोड वाहनों को रोक लिया और नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार नशे से धुत वाहन चालक हादसे कर चुके हैं। अवैध खनन से लदे वाहनों को चालक तीव्र गति से चलाते हैं। ओवरलोड वाहनों से गांव की सड़कें खराब हो रही हैं। ग्रामीणों ने खनन सामग्री से लदे ओवरलोड वाहनों को गांव के बीच से एंट्री बंद किए जाने की मांग की। खनन करने वाले कुछ लोगों ने मध्यस्थता कराकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद ही वाहनों को जाने दिया गया। उधर, थानाध्यक्ष चिलकाना का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी। ओवरलोड वाहनों को गांव से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की होगी।