सरसावा (सहारनपुर)। अंबाला रोड पर स्थित वैष्णोधाम मंदिर का नवम वार्षिकोत्सव हवन पूजन एवं पूर्णाहुति के उपरांत समापन हो गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पूजा पाठ में शामिल होकर धर्म लाभ उठाया।
मंगलवार को ग्राम गोविंदपुर के समीप स्थित अष्टादशभुजा वैष्णोधाम मंदिर के पांच दिवसीय नवम वार्षिकोत्सव का श्रद्धा पूर्वक समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में पधारे सहकारी चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक वीपी पांडेय ने यज्ञ में पूर्णाहुति समाहित की। विद्वान आचार्य पंडित चंद्रमोहन अंथवाल एवं उनके सहयोगियों ने समस्त पूजा अनुष्ठान संपन्न कराए। पीठाधीश्वर संजय जी महाराज ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान जीवन में सुख समृद्धि लेकर आते हैं। धार्मिक अनुष्ठान से हमारे परिवार और बच्चों में संस्कार पैदा होते हैं और ये ही संस्कार भविष्य में बच्चों को सद्मार्ग पर ले जाने का काम करते हैं। पूजा अनुष्ठान से मस्तिष्क का विकास होता है तथा मस्तिष्क में सकारात्मक विचार जन्म लेते हैं जिससे नकारात्मकता दूर रहती है। यज्ञ में पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, भीम सिंह चौधरी, शक्ति चौधरी, महेश वर्मा, गजेंद्र वर्मा, रमेश धीमान, राजेश गुप्ता आदि रहे।