नकुड़ (सहारनपुर)। ब्लाक क्षेत्र के गांव अघ्याना में राजकीय डिग्री कॉलेज के बाद अब स्टेडियम निर्माण का कार्य भी जल्द ही शुरू होगा। भारत सरकार के अधिकारियों ने स्टेडियम के लिए चयनित जमीन का निरीक्षण कर इसे स्वीकृति दे दी है। इससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
बता दें गांव अघ्याना में स्टेडियम के लिए कई वर्ष पूर्व ग्राम समाज की करीब पैंतालीस बीघा जमीन का प्रस्ताव कर सरकार को भेजा गया था। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की ओर से स्टेडियम बनाने के लिए हरी झंडी तो मिल गई थी, लेकिन पैसा मंजूर नहीं हुआ था। बुधवार को महाराणा प्रताप स्टेडियम, देहरादून के कोच एवं भारत सरकार द्वारा नामित अधिकारी जितेंद्र सिंह विष्ट आदि अधिकारियों ने गांव पहुंच कर चयनित जमीन का निरीक्षण किया। नामित अधिकारी जितेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए खेलो इंडिया के तहत स्टेडियम का निर्माण कर रही है। ताकि युवाओं की खेलों में रुचि हो और वो प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर गांव देहात का नाम रोशन कर सकें। जिला युवा कल्याण अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि निरीक्षण के लिए आए अधिकारियों ने स्टेडियम की जमीन का निरीक्षण कर स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत भारत सरकार की ओर से स्टेडियम की बाउंड्रीवाल और सिंथेटिक ट्रैक फुटबाल मैदान लिए चार करोड़ 99 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है। संभवत: जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधान पति प्रीतम त्यागी, भाजपा नेता राजेश त्यागी, विजय त्यागी, विक्रम त्यागी आदि ग्रामीणों में खुशी की लहर है।