सहारनपुर। औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र परिसर में आयोजित दो दिवसीय मंडलीय फल, शाक भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के समापन पर वर्ग एक में स्टार पेपर मिल को प्रथम पुरस्कार मिला। जबकि दूसरे स्थान पर आईटीसी के प्रदर्शन रहे।
कंपनी बाग परिसर में आयोजित मंडलीय फल, शाकभाजी और पुष्प प्रदर्शनी में 1619 प्रदर्शन का प्रदर्शन किया गया। 164 प्रतिभागियों ने प्रदर्शनी में भागेदारी की। औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त निदेशक भानू प्रकाश राम ने विजेताओं को पारितोषिक वितरित किए। प्रदर्शनी में वर्ग-1 में शामिल सदाबहार पत्ती वाले और अन्य गमलों के पौधों के प्रदर्शन जैसे करोटन, फर्न, बिगोनिया, डेसिना, पाम, एरोकेरिया, फाईकस, फरकेरिया आदि में सर्वाधिक 261 अंक प्राप्त कर स्टार पेपर मिल प्रथम रहा। दूसरे स्थान पर 181 अंक प्राप्त कर आईटीसी रही। प्रोत्साहन पुरस्कार के अलावा मौसमी फूलों के प्रदर्शन में भी सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मधुकर मिश्रा को स्वर्गीय श्रीमती रामपती द्विवेदी जी की स्मृति में दी जाने वाली रनिंग शील्ड भी प्रदान की गई। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ स्टाल के लिए ज्योति ग्रामोद्योग संस्थान गंगोह को पुरस्कृत किया। औषधीय/सुगंध पौधों में प्रथम पुरस्कार इंडियन हर्ब्स को प्रदान किया। प्रदर्शनी मेें व्यक्तिगत बंगलों एवं किचन गार्डन के प्रतियोगियों को भी पुरस्कृत किया। इस दौरान पर्यावरणविद डॉ. एसके उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

नेताजी सुभाष चंद्र गार्डन में मंडलीय फल शाकभाजी एंव पुष्प प्रदर्शनी में सुन्दर पुष्प- फोटो : SAHARANPUR

नेताजी सुभाष चंद्र गार्डन में मंडलीय फल शाकभाजी एंव पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन करते लोग- फोटो : SAHARANPUR