यूपी: प्याज ने फिर बढ़ाया रसोई का खर्च, सहारनपुर में 50 रुपये किलो तक पहुंचे दाम, बारिश से आवक प्रभावित
सहारनपुर में प्याज के दाम सप्ताहभर में बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। बारिश और बाहर से आने वाली सप्लाई में कमी को कीमत बढ़ने की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में चीनी के बढ़े दामों के बाद अब प्याज ने भी आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में प्याज के दाम में तेजी आई है और फुटकर बाजार में कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। बारिश और बाहर से आने वाली प्याज की आवक में कमी को इसके पीछे प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसके साथ ही आलू समेत अन्य सब्जियों के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है।
सप्ताहभर में 25-35 से 50 रुपये किलो पहुंचा प्याज
सहारनपुर महानगर से लेकर देहात क्षेत्र तक प्याज के दाम में उछाल आया है। करीब एक सप्ताह पहले जहां प्याज 25 से 35 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वहीं अब फुटकर बाजार में इसकी कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। अचानक बढ़े दामों से ग्राहकों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है।
यह भी पढ़ें: मेरठ: रक्षाबंधन पर नमो भारत के बढ़े फेरे, 27-28 अगस्त को हर आठ मिनट में मिलेगी ट्रेन, होंगी 47 अतिरिक्त ट्रिप
व्यापारियों के अनुसार महाराष्ट्र में बारिश के चलते प्याज की आवक प्रभावित हुई है। प्याज के लिए प्रमुख नासिक मंडी में भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसका असर सहारनपुर की चिलकाना रोड स्थित मंडी में पहुंचने वाले प्याज के भाव पर भी पड़ा है।
थोक में 44 रुपये तक पड़ रहा भाव
दिल्ली रोड स्थित सब्जी मंडी के व्यापारी रविंद्र कश्यप ने बताया कि उठान समेत थोक में प्याज करीब 44 रुपये प्रति किलो तक पड़ रहा है। फुटकर बाजार में यही प्याज 50 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। उनके अनुसार बाहर से आने वाली सप्लाई प्रभावित होने पर कीमतों में तेजी आती है।
आलू के दाम भी बढ़े
प्याज के साथ आलू की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। सब्जी विक्रेता सुनील कुमार सैनी ने बताया कि बारिश के कारण बाहर से आने वाली सब्जियों की सप्लाई प्रभावित होती है। बरसात के मौसम में प्याज समेत कई सब्जियों के दाम बढ़ना आम बात है।
चीनी के बाद प्याज ने बढ़ाई चिंता
महंगाई के बीच पहले चीनी के दाम बढ़ने से लोगों की चाय का स्वाद प्रभावित हुआ था। अब प्याज की बढ़ती कीमतों ने रसोई का बजट और बढ़ा दिया है। आने वाले दिनों में बारिश और आवक की स्थिति के आधार पर प्याज और सब्जियों के दाम में और बदलाव हो सकता है।