Saharanpur: अवैध खनन में संलिप्तता पर लेखपाल निलंबित, एसडीएम ने तहसीलदार को सौंपी जांच
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अवैध खनन मामले को लेकर हलका लेखपाल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। यहां रिश्वत लेकर अवैध खनन कराने को लेकर लेखपाल पंकज शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
हरियाणा के खनन माफिया से रिश्वत लेकर यूपी की सीमा में अवैध खनन कराने के आरोप में हलका लेखपाल पंकज शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया कर दिया गया है और जांच तहसीलदार को सौंपी गई है।
एक सप्ताह पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें तहसील बेहट के नुनियारी हलके में तैनात लेखपाल पंकज शर्मा यमुना नदी के उस पार हरियाणा में तीन चार लोगों के पास खड़े होकर रुपये गिनते हुए नजर आ रहे थे।
बताया जा रहा था कि आरोपी लेखपाल हरियाणा राज्य के लाकड़ व भीलपुरा के कुछ लोगों से यमुना नदी में यूपी की सीमा में अवैध खनन कराने के नाम पर रिश्वत ले रहे हैं।
एसडीएम दीपक कुमार ने बताया, कि लेखपाल पंकज शर्मा को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने एवं प्रथम दृष्टया अवैध खनन में संलिप्तता का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं इस पूरे प्रकरण की जांच तहसीलदार प्रकाश सिंह को सौंपी गई है।
इस अवधि में आरोपी लेखपाल को बेहट रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में सम्बद्ध करने के साथ ही प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।