नानौता (सहारनपुर)। गंगोह मार्ग पर चोर एक सराफ की दुकान में सेंध लगाकर ढाई लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने थाना में तहरीर दी है।
मोहल्ला सरावज्ञान निवासी मनोज कुमार वर्मा की नगर के संजय चौक से गंगोह मार्ग पर मनोज ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी शॉप है। गुरुवार की सुबह 9 बजे मनोज वर्मा जब अपनी दुकान पर गए तो शटर खोलते ही अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान के ऊपरी हिस्से में लेंटर के पास सेंध लगी हुई थी तथा काउंटर में रखे सभी डब्बों से चांदी के आभूषण गायब थे। सर्राफ ने थाने पर सूचना देकर चोरी की घटना से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गहनता से जांच की। सर्राफ ने बताया कि चोर उसकी शॉप से करीब चार किलो चांदी के सामान जिसमें आभूषण, पायल, चुटकी, चांदी के सिक्के व नोट तथा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर भी चुराकर ले गए। सर्राफ ने बताया कि चोरी गए समान की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। सर्राफ की दुकान के पास ही दूसरी दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना रात करीब एक बजे हुई है, इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में सर्राफ की दुकान के पीछे गली में दो बालकों तथा तीन अन्य व्यक्तियों की आवाजाही को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। सर्राफ की दुकान में रखी तिजोरी को चोरों ने खोलने का प्रयास किया गया। तिजोरी नहीं खुलने पर तिजोरी के बाहरी कुंडे में लगे एक ताले को काटकर अलग किया गया जबकि दूसरे ताले पर भी काटने के प्रयास के हल्के निशान हैं। बताया जाता है कि चोरी की घटना को अंजाम देकर जाते समय कुछ जेवर भी पुलिस को दुकान के आस पास पड़े हुए मिले हैं। व्यापारी नेता राजीव नामदेव, सतीश चावला, सुरेंद्र वर्मा, राजकुमार कालड़ा, विवेक नामदेव, सलमान मलिक, संजय अग्रवाल, शिवकुमार राणा आदि ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाते हुए घटना के जल्द खुलासे की मांग की है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।