फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals

एशियाड: क्रिकेट में भारत की श्रीलंका पर जीत, हॉकी में पाकिस्तान को हराया; तीरंदाजी-कुश्ती में किसने जीते पदक?

Thu, 01 Oct 2026 05:33 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Thu, 01 Oct 2026 05:33 PM IST
सार

एशियन गेम्स 2026 का 12वां दिन भारत के लिए कई बड़ी उपलब्धियों वाला रहा। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना पाकिस्तान से होगा। पुरुष हॉकी टीम ने भी पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। तीरंदाजी में गणेश मणि रत्नम ने कांस्य और ग्रीको रोमन कुश्ती में नितेश सिवाच ने रजत पदक जीता। स्क्वैश में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

विज्ञापन
Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
क्रिकेट और हॉकी टीमें - फोटो : BCCI-H

विस्तार

एशियन गेम्स 2026 के 12वें दिन भारत के लिए कई खेलों में शानदार नतीजे देखने को मिले। भारतीय खिलाड़ियों ने क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी, गोल्फ और कुश्ती में दमदार प्रदर्शन किया। पुरुष क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जहां अब उसका सामना पाकिस्तान से होगा। वहीं, पुरुष हॉकी टीम ने भी पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। तीरंदाजी में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने कांस्य पदक जीता, जबकि ग्रीको रोमन कुश्ती में नितेश सिवाच ने रजत पदक अपने नाम किया। स्क्वैश में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने कांस्य पदक जीता। हालांकि, टेनिस में भारत की चुनौती समाप्त हो गई और गोल्फ में भी पदक की उम्मीदें बनी हुई हैं।
विज्ञापन

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
भारत vs पाकिस्तान, पुरुष क्रिकेट का फाइनल - फोटो : ANI
क्रिकेट में श्रीलंका पर रिकॉर्ड जीत, पाकिस्तान से होगा फाइनल
  • दिन की सबसे बड़ी खबर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की रही। भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 169 रन बनाए। ईशान किशन ने 46 गेंद में चार चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 80 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंद में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए।
  • 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम सिर्फ 45 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला। श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।
  • 124 रन की यह जीत श्रीलंका के खिलाफ भारत की रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2017 में कटक में श्रीलंका को 93 रन से हराया था। अब तीन अक्टूबर को स्वर्ण पदक के लिए भारत की भिड़ंत पाकिस्तान से होगी। पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बारिश से प्रभावित 13 ओवर के मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
विज्ञापन

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : Hockey India
हॉकी में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में भारत
हॉकी में भी भारत और पाकिस्तान के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बनाई। भारत ने शुरुआत से ही दबाव बनाया। हरमनप्रीत सिंह ने पांचवें और 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि सुखजीत सिंह ने 23वें मिनट में मैदानी गोल दागा। इस तरह भारत ने 3-0 की बढ़त बना ली थी।

हालांकि, पाकिस्तान ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की। हनन शाहिद और वहीद राणा ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। मुकाबला बराबरी की ओर बढ़ रहा था, लेकिन मैच खत्म होने से सिर्फ 49 सेकेंड पहले अभिषेक ने मैदानी गोल कर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। यही गोल निर्णायक साबित हुआ। भारत अब स्वर्ण पदक के मुकाबले में उतरेगा। टीम के पास खिताब बरकरार रखने और 2028 ओलंपिक का कोटा हासिल करने का मौका है।
विज्ञापन

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
गणेश मणि रत्नम - फोटो : X
तीरंदाजी में गणेश ने जीता कांस्य
कंपाउंड तीरंदाजी में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के किम जोंगहो से 144-148 से हारने के बाद गणेश ने कांस्य पदक के मुकाबले में वियतनाम के कोंग डुक डांग को 149-144 से हराया। 20 वर्षीय गणेश ने कांस्य पदक मुकाबले में 15 में से 14 तीर 10 अंक पर लगाए। वह बुधवार को स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम का भी हिस्सा थे। महिला वर्ग में चिकिथा तनीपार्थी पदक की हैट्रिक लगाने से चूक गईं। महिला टीम और मिश्रित टीम में स्वर्ण जीतने वाली चिकिथा को क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरीफाह ने 144-143 से हराया।

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
जोशन चिनप्पा - फोटो : IANS
स्क्वैश में महिला और पुरुष टीम को कांस्य
स्क्वैश में भारत को दो कांस्य पदक मिले। भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 1-2 से हार मिली। अनाहत सिंह ने शुरुआत में दो गेम जीतकर भारत को बढ़त दिलाई, लेकिन चान सिन युक ने वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद तन्वी खन्ना ने ली का यी को हराकर स्कोर 1-1 कर दिया, लेकिन निर्णायक मुकाबले में जोशना चिनप्पा को हार मिली। इसके बाद भारतीय पुरुष टीम भी फाइनल में जगह नहीं बना सकी। उसे सेमीफाइनल में मलयेशिया के खिलाफ 1-2 से हार मिली। इस तरह महिला और पुरुष दोनों टीमों ने कांस्य पदक के साथ अपना अभियान खत्म किया।

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
नितेश - फोटो : X
कुश्ती में नितेश को रजत, मानसी कांस्य से चूकीं
ग्रीको रोमन कुश्ती के पुरुष 97 किग्रा भार वर्ग में नितेश सिवाच ने रजत पदक जीता। फाइनल में उन्हें जापान के युरी नाकाजातो के खिलाफ 0-4 से हार मिली। इसके बावजूद नितेश भारत को रजत पदक दिलाने में सफल रहे। महिला कुश्ती में 62 किग्रा भार वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में मानसी को हार का सामना करना पड़ा। मंगोलिया की अल्तजिन तोगतोख ने उन्हें 5-2 से हराया। मानसी ने मुकाबले में 0-2 से पिछड़ने के बाद स्कोर 2-2 से बराबर किया था, लेकिन इसके बाद मंगोलियाई पहलवान ने वापसी करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
प्रणवी शरत - फोटो : Twitter
गोल्फ में प्रणवी ने बढ़ाई पदक की उम्मीद
गोल्फ में प्रणवी शरत उर्स ने दूसरे दौर में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सात अंडर 63 का कार्ड खेलते हुए बिना कोई बोगी किए सात बर्डी लगाईं। दो दौर के बाद उनका कुल स्कोर 11 अंडर 129 है और वह दूसरे स्थान पर हैं। शीर्ष पर मौजूद शैनन टैन से वह सिर्फ दो शॉट पीछे हैं। प्रणवी के प्रदर्शन से भारतीय महिला टीम की पदक की उम्मीदें भी बढ़ी हैं। भारत सात अंडर 273 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर है। टीम स्पर्धा में अभी 36 होल का खेल बाकी है। पुरुष वर्ग में सप्तक तलवार दूसरे दौर में दो अंडर 68 का कार्ड खेलने के बावजूद संयुक्त सातवें स्थान पर खिसक गए। उनका कुल स्कोर छह अंडर है। पुरुष टीम स्पर्धा में भारत पांचवें स्थान पर है।

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
सुमित नागल - फोटो : ANI
40 साल बाद टेनिस में खाली हाथ रहेगा भारत
टेनिस में भारत के लिए दिन निराशाजनक रहा। सुमित नागल के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में चीन के यिबिंग वू के हाथों 4-6, 4-6 से हारने के साथ ही भारतीय टेनिस दल की एशियाई खेलों में चुनौती समाप्त हो गई। इसके साथ ही भारत 1986 के बाद पहली बार एशियन गेम्स से टेनिस में बिना पदक के लौटेगा। युगल स्पर्धाओं में भी भारतीय जोड़ियां पहले ही बाहर हो चुकी थीं।

Asian Games 2026 Day 12: India Reach Cricket and Hockey Finals, Win Multiple Medals
प्रिंस नोबल और मनु फ्रांसिस - फोटो : IANS
नौकायान में प्रिंस और मनु ने जीता रजत
भारतीय जोड़ी प्रिंस नोबल और मनु फ्रांसिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की स्किफ स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। फाइनल रेस से पहले दोनों के सामने कड़ी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की। रेस-9 में भारतीय जोड़ी ने दूसरा स्थान हासिल किया और इसी के साथ रजत पदक पक्का कर लिया। मुश्किल स्थिति में दबाव के बीच प्रिंस और मनु ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed