नानौता(सहारनपुर)। हरियाणा के जिला फतेहाबाद की स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस टीम भ्रूण लिंग जांच की सूचना पर महिला मरीज और एजेंट को साथ लेकर नगर के एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारने पहुंची। टीम के पहुंचने पर अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। कार्रवाई की सूचना मिलने पर सहारनपुर एसीएमओ डॉ. ओपी गुप्ता भी टीम के साथ पहुंचे।
सोमवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हरियाणा के जिला फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. वीना बत्रा के नेतृत्व में पुलिस इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, एएसएमओ डॉ. गिरीश कुमार, डेंटल सर्जन डॉ. शरद कुमार की टीम नगर के गंगोह रोड स्थित एक कांप्लेक्स में अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पहुंची। टीम के साथ हरियाणा निवासी गर्भवती महिला व भ्रूण लिंग जांच कराने में शामिल एजेंट भी थे। जिस समय टीम नगर में पहुंची तो अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिला। इसी दौरान स्थानीय स्वास्थ्य विभाग तथा थाना पुलिस भी मौके पहुंची। अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग के छापे की सूचना पर आसपास के दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिलने के बाद टीम थाने पहुंची। इसी बीच सहारनपुर एसीएमओ डॉ. ओपी गुप्ता भी थाने पहुंच गए। जहां जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों ने टीम से जानकारी ली। एसीएमओ डॉ. ओपी गुप्ता ने बताया कि अभी अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद पड़ा है। शिकायत की जांच कराई जा रही है। उधर, थानाध्यक्ष विरेशपाल गिरि ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों द्वारा अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।