2027 चुनाव: कांग्रेस की 'डबल एंट्री': इमरान मसूद के भतीजे का एलान, गठबंधन हो या नहीं- दोनों सीटों से लड़ेंगे
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद ने दो सीटों से 2027 में चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की स्थिति चाहे जैसी हो, कांग्रेस मैदान में उतरेगी।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के गंगोह में आयोजित कांग्रेस संगठन सम्मेलन के दौरान एक बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के भतीजे काजी हमजा मसूद ने 2027 के विधानसभा चुनाव में गंगोह और नकुड़ दोनों सीटों से कांग्रेस प्रत्याशी उतारने का एलान किया है।
पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद के आवास पर आयोजित इस सम्मेलन में हमजा मसूद ने साफ कहा कि अब पार्टी कोई समझौता नहीं करेगी- 'चाहे गठबंधन हो या न हो, कांग्रेस गंगोह और नकुड़ दोनों सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी।'
यह भी पढ़ें: Meerut: दुश्मनों के छक्के छुड़ाने को तैयार आस्था पूनिया, देश की पहली महिला नौसेना लड़ाकू विमान पायलट बनीं
यह बयान उस समय आया है जब कुछ ही दिन पहले देहात सीट को लेकर इमरान मसूद ने सपा विधायक आशु मलिक को खुली चुनौती दी थी। ऐसे में कांग्रेस की यह नई आक्रामक रणनीति क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर रही है।
सम्मेलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया, जिनमें प्रदीप कंसल, संदीप राणा, ब्लॉक अध्यक्ष राजू पंडित, अब्दुल्ला आरिफ, नरेंद्र कुमार, संदीप वर्मा, तारिक महबूब जैसे नाम शामिल हैं।
वक्ताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और बूथ लेवल तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान किया।