रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। इस्लामनगर रोड पर ईदगाह के पास अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वाले दुकानदार की दुकान में देर शाम आग लग गई। यह हादसा दुकान में अलाव सेंकते समय हुआ। दुकान में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया।
कस्बा रामपुर मनिहारान के ही रहने वाले रहमान की इस्लामनगर रोड ईदगाह के पास दुकान है, जिसमें वह अवैध रूप से पेट्रोल की बिक्री भी करता है। बुधवार शाम अचानक आग भड़क गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। इसी बीच उसके पास में स्थित टेंट की दुकान में रखे अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया गया, मगर तब तक रहमान की दुकान में रखा सामान जलकर राख हो चुका था। खास बात यह है कि जिस दुकान में आग लगी, उसके आसपास पूरा मार्केट है। यदि समय रहते आग बुझाई नहीं जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, इस संबंध में रामपुर मनिहारान थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।