सहारनपुर, नानौता। गांव बरसा में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से ग्राम समाज की 0.041 हेक्टेयर खाद के गड्ढे की भूमि पर ग्रामीणों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के सामने एक नहीं चली।
थाना क्षेत्र के गांव बरसा में खसरा संख्या 101 ग्राम समाज की भूमि है, जो अभिलेखों में खाद के गड्ढे के लिए आरक्षित है। इस पर पिछले काफी दिनों से गांव के कुछ लोगों द्वारा दीवार, गैर आवासीय मकान बनाकर अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ था। शनिवार को तहसील की टीम भारी पुलिस बल व जेसीबी मशीन के साथ ग्राम समाज की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। ग्रामीणों ने टीम का विरोध किया, इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई, इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करा दिया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। टीम ने चेताया कि यदि फिर से अतिक्रमण किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।