Deoband: कुट्टू की पकौड़ी खाने से 15 लोग बीमार, SDM ने दिए जांच के निर्देश, चिकित्सक बोले-मिलावटी था आटा
उत्तर प्रदेश के देवबंद में तीन गांवों में कुट्टू के आटे से बनी पकाैड़ी खाने से 15लोग बीमार हो गए। वहीं एसडीएम ने जांच के निर्देश दे दिए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि आटा मिलावटी था।
विस्तार
देवबंद के चंदपुर कायस्थ, घलौली और बढ़ेडी मजबता गांव में कुट्टू की पकौड़ी खाने से 15 लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों में एक परिवार के महिलाओं व बच्चों समेत करीब 9 लोग हैं। सभी को चक्कर आने, उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उपचार के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
रेलवे रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती चंदपुर कायस्थ गांव निवासी बीमार देवेंद्र धीमान ने बताया कि शारदीय नवरात्र में परिवार के लोगों ने उपवास रखा हुआ था। गांव स्थित एक दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था। जिसकी परिवार के लोगों ने बृहस्पतिवार रात में पकौड़ी व पूड़ी बनाकर खाई थी।
यह भी पढ़ें: VIDEO : सहारनपुर में महिला ने पत्नी को थाने में धुना, समझाैते के लिए आए थे पुलिस के पास, नहीं बनी बात
उधर, घलौली गांव निवासी महेंद्र उसकी पत्नी माया, पुत्र अश्वनी और पुत्रवधू ज्योति भी इसी अस्पताल में भर्ती हैं। महेंद्र ने बताया कि उन्होंने भी गांव की दुकान से कुट्टू का आटा खरीदकर पकौड़ी बनाकर खाई थी। कुछ देर बाद ही हालत बिगड़ने लगी थी। वहीं, सरकारी अस्पताल में बढ़ेड़ी मजबता निवासी दीपक व उसकी पत्नी काजल को भी हालत खराब होने पर भर्ती कराया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अजय कुमार त्यागी ने बताया कि बीमार लोगों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी कर दी गई। वहीं, डा. डीके जैन ने बताया कि कुट्टू के आटा में मिलावट थी। जिसके सेवन से यह लोग बीमार हुए हैं।
खाद्य निरीक्षक को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी मिलते ही असिस्टेंट फूड कमिश्नर पवन चौधरी के नेतृत्व में टीम चंदपुर कायस्थ गांव पहुंची और संबंधित दुकानदार से पूछताछ की। दुकानदार का कहना है कि वह पांच किलो कुट्टू का आटा देवबंद से खरीदकर लाया था। उनका कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। - अंकुर वर्मा, एसडीएम