सहारनपुर। प्रति वर्ष 26 जून को लोकतंत्र सेनानी दिवस घोषित करने सहित अन्य मांगों को लेकर लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी को सौंपा। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों को मिलने वाली सम्मान राशि को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के आयुष्मान योजना के तहत तत्काल गोल्डन कार्ड बनवाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को रोडवेज बसों में सहयात्री के साथ यात्रा की निशुल्क सुविधा दी जाए। जनपद में वीआईपी आगमन की सूचना भी दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों का तीन प्रतिशत कोटा निर्धारित है। लेकिन यह कोटा पूरा नहीं हो पा रहा है। इसलिए इस कोटे में जो पद रिक्त रह जाते हैं, उन पदों पर लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को रखा जाए। इस दौरान पूर्व विधायक एवं मंडल संयोजक सुखवीर सिंह पुंडीर, अध्यक्ष बलदेवराज जोशी, निसार सिद्दीकी, डॉ. आजाद चौधरी, आचार्य राजेंद्र अटल, जमाल गौरी, रमेश चंद, खुर्शीद, तहसीन, मो. यूसुफ, सुुुुभाष चंद, अब्दुल गफ्फार, पंचम सिंह, अशोक कुमार, राकेश कुमार गर्ग, प्रकाश, राजेश कुमार, प्रेम सिंह भंडारी, अनवर खान आदि मौजूद रहे।