UP: आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर तनाव, आमने-सामने आए दो पक्ष के लोग, अफसरों से हुई जमकर बहस
Saharanpur News : डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर तनाव पैदा हो गया। इस दौरान दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। वहीं, अनुसूचित जाति के लोगों की अफसरों से जमकर बहस हुई।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में देवबंद के भायला गांव में सोमवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के बाहर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर अनुसूचित जाति और क्षत्रिय समाज के लोगों में तनाव हो गया। सूचना मिलते ही अधिकारी पीएसी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
सोमवार सुबह भायला गांव रविदास मंदिर के बाहर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। इसको लेकर अनुसूचित जाति और क्षत्रिय समाज के लोगों के बीच तनाव के हालात पैदा हो गए। सूचना पर एसडीएम संजीव कुमार, सीओ रामकरण व कोतवाल हृदय नारायण सिंह भारी पुलिस बल के साथ भायला गांव पहुंचे। जहां क्षत्रिय समाज के लोगों ने बिना प्रशासन की अनुमति के रात में प्रतिमा स्थापित करने पर विरोध जताया। अधिकारियों ने अनुसूचित जाति के लोगों से प्रतिमा को तुरंत हटाने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें: UP: पत्नी की हत्या कर फरार हुआ पति, बेटी ने मम्मी की लाश देख मचाया शोर, ये है मर्डर के पीछे की वजह
वहीं, प्रतिमा हटवाने को लेकर अनुसूचित जाति में रोष फैल गया और उनकी अधिकारियों के साथ जमकर बहस हुई। हंगामा बढ़ते देख मौके पर पीएसी बुला ली गई। अनुमति लेकर प्रतिमा स्थापित करने की अधिकारियों द्वारा बात कही गई तो अनुसूचित जाति के लोग मान गए। जिसके बाद वहां से प्रतिमा को हटवाकर निकट स्थित बरातघर में रखवा दिया गया।
यह भी पढ़ें: गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड: 40 के पार पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों से लोग परेशान, बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
एसडीएम संजीव कुमार ने बताया कि एक पक्ष के लोगों ने प्रतिमा को हटाकर बरातघर में रखवा लिया है। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया। बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना नहीं हो सकती है। अनुसूचित जाति के लोगों से कहा गया कि वे प्रतिमा लगवाने के लिए शासन प्रशासन से अनुमति ले। शासन से अनुमति मिलने के बाद ही प्रतिमा को स्थापित करा दिया जाएगा।