नाम बदलकर दोस्ती: दिल्ली बुलाकर की दरिंदगी, धर्मांतरण का बनाया दबाव, आरोपी गिरफ्तारी, खुला ये बड़ा राज
Deoband News : एक युवक ने देवबंद की युवती से पहले नाम बदलकर दोस्ती की और फिर दिल्ली बुलाकर दरिंदगी की। आरोप है कि उसने धर्मांतरण का भी दबाव बनाया। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के देवबंद में कोतवाली पुलिस ने युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने और धर्मांतरण का प्रयास किए जाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती को बरामद कर लिया गया है, जबकि बीते दिन युवती स्वयं हिंदू संगठन के लोगों के साथ कोतवाली में शिकायत करने पहुंची थी।
पुलिस ने जनपद मुजफ्फरनगर के जड़ौदा नरा निवासी मोनू उर्फ अब्दुल मोहर्रम को क्षेत्र के रणखंडी रेलवे फाटक से गिरफ्तार किया है। मोनू पर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने और धर्मांतरण का प्रयास किए जाने का आरोप है। मामले में शनिवार को पीड़ित युवती श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल के पश्चिमी प्रदेश प्रभारी ठाकुर सुरेंद्रपाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची थी।
युवती ने पुलिस को बताया था कि गांव की एक युवती ने फोन पर उक्त युवक से दोस्ती कराई। युवक ने नाम बदलकर उससे बात की। कुछ दिन बाद उसने उसे दिल्ली बुलाया और उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया था। आरोप यह भी था कि युवक ने उसका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास भी किया। लेकिन वह किसी तरह वहां से बचकर निकल गई। मामले में रविवार को पुलिस ने मोनू के खिलाफ एससी/एसटी सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
युवती को किया बरामद, न्यायालय में दर्ज कराए बयान: एसएसपी
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि थाना देवबंद पर एक युवती के परिजनों ने अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर न्यायालय के समक्ष उसके बयान दर्ज कराए हैं। उन्होंने बताया कि अपने बयानों में युवती ने आरोपी युवक के विरुद्ध अपहरण और धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। देवबंद पुलिस साक्ष्य संकलन कर रही है। जिसके उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मिहिर भोज विवाद: बिना अनुमति यात्रा पर कार्रवाई, सपा विधायक अतुल प्रधान समेत कई हिरासत में, पुलिस लाइन भेजे
दुष्कर्म का वांछित आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
कोतवाली पुलिस ने जहीरपुर गांव निवासी हसीन को राज्जुपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। हसीन के विरुद्ध 10 सितंबर को एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: सम्राट मिहिर भोज विवाद: गुर्जर समाज ने बिना अनुमति निकाली यात्रा, करणी सेना विरोध पर अड़ी, हुई कार्रवाई