रामपुर। राशन वितरण में अनियमितता की पड़ताल करने के लिए शासन की टीम ने रामपुर में डेरा डाल दिया है। शासन स्तर से आए अधिकारी शुक्रवार से रामपुर में जांच पड़ताल करने में लगे हुए। कई जगहों पर उनको गड़बड़ी भी मिली है, जिसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी।
अधिकारियों के मुता बिक सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत खाद्यन्न के वितरण में अनियमितता की शिकायत शासन स्तर पर की गई थी। इस मामले की जांच के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के प्रमुख सचिव की ओर से टीम का गठन किया। टीम में अपर आयुक्त अनिल दुबे के अलावा बरेली और मुरादाबाद मंडल के उपायुक्तों को शामिल किया गया है। टीम शुक्रवार को ही रामपुर में पहुंच गई थी। टीम ने शुक्रवार को शाहबाद, स्वार, मिलक, बिलासपुर व टांडा क्षेत्र के विभिन्न राशन विक्रेताओं के यहां जांच की। 25 से ज्यादा राशन की दुकानों की जांच की गई। इसके साथ ही टीम ने सैदनगर ब्लाक में स्थित खाद्य विभाग के गोदाम का भी निरीक्षण किया। गोदाम के निरीक्षण के दौरान गोदाम में राशन की उपलब्धता का निरीक्षण किया। साथ ही इस दौरान अफसरों की टीम ने स्थानीय अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए। दिन भर की गई छापेमारी के दौरान कई दुकानों पर कमियां भी पाई गई हैं। टीम ने शनिवार को भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि शासन स्तर से टीम आई हुई है। टीम ने कई स्थानों का दौरा किया। टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। उन्होंने कहा कि अगर शासन स्तर से इस संबंध में कोई निर्देश प्राप्त होते हैं तो उस पर अमल किया जाएगा।