रामपुर। स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनावों को लेकर रविवार को चुनाव के प्रभारी बनाए गए प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने समीक्षा की। साथ ही पदाधिकारियों संग बैठक कर आवश्यक निर्देश भी दिए।
बैठक में मंडल अध्यक्षों से कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता मजबूती से कार्य करें। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना जाति भेदभाव के निचले स्तर तक के विकास के लिए कार्य किया है। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियां और विकास कार्यों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने कहा कि मंडल के प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर प्रभारी प्रत्येक बूथ पर मजबूती के लिए कार्य करें। जब तक बूथ पर जीत नहीं होगी तब तक चुनाव में जीत नहीं होगी। पेक्सफेड चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल ने कहा कि स्वार-टांडा उपचुनाव में जीत के लिए सभी कमर कस लें, कभी भी आचार संहिता लागू हो सकती है। जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने कहा कि स्वार के उपचुनाव को लेकर जिला कमेटी रामपुर ने सभी तैयारी कर ली है। सभी कार्यकर्ता मंडलों पर कार्य कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी स्वार उपचुनाव जीतकर रहेगी। बैठक में अशोक विश्नोई, महासिंह राजपूत, हरीश गंगवार, आकाश सक्सेना, हरिओम मोर्य, योगेश सैनी, पंकज सैनी, पवन कुमार, अनुज सक्सेना आदि शामिल रहे।