Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Rampur News ›   Asif had come under the ATS's radar for 'liking' a Pakistani post.

Rampur News: पाकिस्तानी पोस्ट लाइक करने पर एटीएस के निशाने पर आया था आसिफ

Sat, 21 Nov 2026 11:28 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर Updated Sat, 21 Nov 2026 11:28 PM IST
विज्ञापन
Asif had come under the ATS's radar for 'liking' a Pakistani post.
स्वार (रामपुर)। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पोस्ट को लाइक करने पर आसिफ अली (24) को एटीएस ने मुरादाबाद बुलाकर पूछताछ की थी, हालांकि पूछताछ के कुछ देर बाद ही छोड़ दिया गया। घर लौटने के बाद वह रातभर सो नहीं सका। परिवार के लोगों ने उसे काफी समझाया, पूछताछ की यह सामान्य प्रक्रिया थी लेकिन उसके मन से डर नहीं निकला और उसने आत्महत्या कर ली। आसिफ की अचानक मौत से परिवार सदमे में है।
विज्ञापन

मां भूरी और भाई राशिद के अनुसार, बुधवार को जांच एजेंसी की टीम गांव पहुंची थी। टीम आसिफ का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर चली गई थी। साथ ही उसे अगले दिन मुरादाबाद बुलाया गया था। सूत्रों के मुताबिक बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी सोशल मीडिया से जुड़ी पोस्ट को लाइक करने के मामले में आसिफ जांच एजेंसी के निशाने पर आया था। इसके बाद एटीएस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उससे पूछताछ की थी। बृहस्पतिवार को आसिफ अपने भाई और गांव के प्रधान के साथ मुरादाबाद गया था। वहां पूछताछ के बाद जब वह घर लौटा तो काफी परेशान था। मां भूरी के मुताबिक, आसिफ रातभर सो नहीं पाया। परिवार के लोगों ने उसे समझाया कि घबराने की कोई बात नहीं है लेकिन वह लगातार डरा हुआ था। उसकी बेचैनी देखकर घरवाले भी परेशान थे। मां और भाई के मुताबिक, आसिफ बेहद सीधे स्वभाव का था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। पिता की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में चार भाई और दो बहनें हैं। राशिद, आरिफ और आलिम राजस्थान के पाली में रहकर कोट-पैंट सिलने का काम करते हैं। आसिफ भी भाइयों के साथ काम सीखने के लिए राजस्थान गया था। करीब आठ दिन पहले ही वह गांव लौटा था। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जांच एजेंसी की पूछताछ और फिर उसकी अचानक मौत का घटनाक्रम हो गया।
विज्ञापन

बेटे की मौत से टूट चुकी मां भूरी और भाई राशिद अब किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते। मां का कहना है कि जो नसीब में था, वह हो गया। परिवार के लिए बेटे को खोने का दुख असहनीय है। आसिफ की मौत के बाद घर में मातम पसरा है और परिजन अभी तक इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद आसिफ का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव के कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। युवक की अचानक मौत से गांव में भी गम का माहौल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

वर्जन
-युवक की मौत के मामले में परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट में मौत का कारण विषाक्त पदार्थ बताया गया है। -हर्षिता सिंह सीओ


इंसेट

पाकिस्तानी सोशल मीडिया पोस्ट का पहलू

आसिफ के मामले में पाकिस्तानी सोशल मीडिया पोस्ट का पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसने पाकिस्तान से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लाइक किया था। इसी गतिविधि के बाद वह जांच एजेंसी की नजर में आया। मामले की पड़ताल के दौरान एटीएस ने भी उससे पूछताछ की। बुधवार को टीम गांव पहुंची और उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। अगले दिन उसे मुरादाबाद बुलाया गया था। परिजनों के मुताबिक, पूछताछ के बाद आसिफ इतना डर गया था कि पूरी रात सो नहीं पाया। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट को लाइक करने के पीछे उसकी मंशा क्या थी और जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल से क्या जानकारी मिली, इस बारे में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed