Pilibhit News: संदिग्ध हालात में एलएलबी छात्रा की मौत, परिजन बोले- डांट से आहत होकर खाया जहर
पीलीभीत के बीसलपुर में एलएलबी की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। शनिवार सुबह पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। देर रात घर पर उसकी हालत फिर बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित पंजाबी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता बलजीत गंगवार की पुत्री सुचेता गंगवार (18 वर्ष) जिले के एक निजी कॉलेज में एलएलबी की छात्रा थी। परिजन ने किसी बात पर उसे डांट दिया था। इससे आहत होकर शनिवार सुबह उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत में सुधार बताते हुए दोपहर में छुट्टी दे दी।
इसके बाद परिजन उसे घर ले आए। परिजनों के अनुसार, देर रात छात्रा की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। वे उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रविवार सुबह कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
15 दिन पहले घर से चली गई थी छात्रा
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले छात्रा बिना बताए घर से चली गई थी। इस पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी मिलने पर छात्रा स्वयं कोतवाली पहुंच गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे पीलीभीत के वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले आए थे।
परिजन का कहना है कि बिना बताए घर से चले जाने पर उन्होंने छात्रा को डांट-फटकार लगाई थी। इसके बाद से वह काफी उदास रहने लगी थी। इसी बात से आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छात्रा की मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।