सलमा को मिली नई जिंदगी: डॉक्टर नितिन ने जटिल ऑपरेशन कर बच्चेदानी से निकाली पांच किलो की गांठ
पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में सर्जन डॉक्टर नितिन मलिक ने जटिल ऑपरेशन कर महिला मरीज को नई जिंदगी दी है। महिला की बच्चेदानी में पांच किलो की गांठ थी। जिसके चलते वह दो साल से दर्द झेल रहा थी। डॉक्टर ने सफल ऑपरेशन कर गांठ को निकाल दिया।
विस्तार
चिकित्सक को धरती का भगवान कहा जाता है। इस बात को पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉक्टर नितिन मलिक ने शुक्रवार को सच साबित कर दिया। न्यूरिया क्षेत्र की 48 साल की सलमा बीते करीब दो साल से दर्द से काफी परेशान थीं। कई जगह इलाज करने के बाद उसको लाभ नहीं मिल पा रहा था। किसी तरह से उसे मेडिकल कॉलेज में सर्जन डॉक्टर नितिन मलिक को लेकर जानकारी हुई।
जानकारी होने के बाद वह अपने पति नफीस अहमद के साथ 11 अगस्त को मेडिकल कॉलेज आई। जहां पर सर्जन डॉक्टर नितिन मलिक को दिखाया। सर्जन ने महिला की समस्त जांच करने के बाद उसका अल्ट्रासाउंड करवाया। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में महिला के बच्चेदानी में भारी भरकम गांठ होना सामने आया। इस पर सर्जन ने महिला को भर्ती कर लिया।
महिला को दर्द से मिला छुटकारा
डॉक्टर नितिन ने शुक्रवार को महिला का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान महिला के बच्चेदानी से करीब पांच किलो की गांठ निकाली गई। गांठ निकलने के बाद महिला को काफी राहत महसूस हुई। होश आने पर महिला ने चिकित्सक को बताया कि वह उनके लिए किसी भगवान से कम नहीं है। इसको लेकर दो साल से परेशान घूम रही थी। महिला अब पूर्ण रूप से स्वस्थ है।
शुक्रवार को सर्जन ने किया अपना अंतिम ऑपरेशन
15 जुलाई वर्ष 2019 में संविदा पर बतौर सर्जन डॉक्टर नितिन मलिक की यहां पर तैनाती की गई थी। उन्होंने अभी तक 4000 से अधिक ऑपरेशन कर लोगों की जान बचाई है। शुक्रवार को उन्होंने जिला अस्पताल में सलमा नाम की महिला का अंतिम ऑपरेशन किया। अब उन्होंने जिला अस्पताल को बाय-बाय कह दिया है।
चिकित्सक डॉक्टर नितिन मलिक ने बताया कि साढ़े चार साल की सेवा के दौरान उन्होंने कई ऐसे जटिल ऑपरेशन किए, जो लोगों के लिए काफी मुश्किल थे। बहुत अधिक जटिल ऑपरेशन होने के बाद भी उन्होंने निराशा हाथ नहीं आने दी और मरीजों को नया जीवनदान दिया। अब जिला अस्पताल को छोड़कर अपनी निजी प्रैक्टिस करेंगे।