Muzaffarnagar: एनकाउंटर के डर से नदी में कूदे आरोपी, एक की डूबकर मौत, दूसरे की ऐसे बची जान
Muzaffarnagar News : एनकाउंटर के डर से आरोपी नदी में कूद गए। हालांकि एक आरोपी को बचा लिया गया, लेकिन दूसरे की डूबकर मौत हो गई।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में नगर कोतवाली क्षेत्र की ईदगाह पुलिस चौकी पर चल रही चेकिंग के डर से भागे बाइक सवार दो युवकों ने शामली रोड स्थित काली नदी में छलांग लगा दी। एक युवक को बुजुर्ग ने अपनी जान पर खेलकर बचा लिया, जबकि दूसरे का शव करीब पांच घंटे बाद बरामद हुआ। मृतक पर गैंगस्टर और चोरी के सात मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बचाए गए युवक पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी मोहित मलिक (22) पुत्र जसवीर अपने साथी अजय शर्मा (23) पुत्र संजय शर्मा के साथ मुजफ्फरनगर में कपड़े खरीदने के लिए आए थे। ईदगाह पुलिस चौकी पर पुलिस चेकिंग देखकर उन्होंने बाइक मंदिर वाली रोड की ओर घुमा ली। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया। दोनों युवक पुलिस के डर से नदी की तरफ बाइक लेकर भाग निकले।
वहीं पुलिस को पीछे आते देख उन्होंने गली में अपनी बाइक को छोड़कर कली नदी में छलांग लगा दी। डूबने लगे तो दोनों ने शोर मचाया। शोर शराबा सुनकर पास के खेत में काम कर रहे बुजुर्ग लियाकत मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग ने किसी तरह अजय शर्मा को तो बाहर निकाल लिया, जबकि मोहित का कुछ पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें: सरिया लूट मामला: यूट्यूबर फरमानी नाज बोलीं-पिता-भाई चोर नहीं, मीडिया द्वारा फोटो लेने पर भड़कीं
तलाश करते हुए पुलिस पहुंची तो युवक के नदी में डूबने की जानकारी मिली। नदी से बाहर निकाले गए अजय से पुलिस ने जानकारी जुटाई और परिजनों को सूचना दी। पुलिस जांच में ही दोनों के अपराधिक इतिहास की जानकारी हुई।
यह भी पढ़ें: Shamli News: नींव की खोदाई में मिले एक हजार साल पुराने सोने-चांदी के सिक्के, अंकित है मुस्लिम बादशाह का नाम
उधर, पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर मोहित की तलाश शुरू करा दी। देर शाम करीब पांच घंटे बाद मोहित का शव बरामद हुआ है। सीओ हिमांशु गौरव का कहना है कि शव बरामद हो गया है। मृतक पर सात से अधिक चोरी के मुकदमे है। मृतक की जेब से 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ है।