सरिया लूट मामला: यूट्यूबर फरमानी नाज बोलीं-पिता-भाई चोर नहीं, मीडिया द्वारा फोटो लेने पर भड़कीं
मशहूर यूट्यूबर फरमानी नाज हाल ही में मीडिया से दूरी बनाती नजर आईं। दरअसल सरिया लूट के मामले में वह अपने पिता के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर सीओ ब्रजेश सिंह से मिलीं। उन्होंने कहा कि उनके पिता और भाई को मामले में गलत फंसाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मशहूर यूट्यूबर फरमानी नाज सीओ ब्रजेश सिंह से मिलीं। उन्होंने कहा कि मेरे पिता और भाई सरिया लूट मामले में दोषी नहीं हैं। इस पर सीओ ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच गहनता से चल रही है। अगर जांच में दोषी नहीं पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। हालांकि, इस बीच मीडिया का कैमरा चलते ही फरमानी नाज व उनके साथ मौजूद युवक ने इसका विरोध किया और कहा कि वे इस मामले में मीडिया से कोई बात नहीं करना चाहते हैं, फरमानी के पिता और भाई चोर नहीं हैं।
सरिया लूटने के मामले में मुजफ्फरनगर के मोहम्मद लोहड्डा निवासी यूट्यूबर फरमानी नाज के भाई अरमान सहित आठ लोगों को सरधना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर दो क्विंटल सरिया बरामद किया गया था। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने टेहरकी गांव स्थित निर्माणाधीन टंकी सहित कई जगहों से सरिया लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस गिरोह में फरमानी के पिता आरिफ और जीजा इरशाद भी शामिल बताए गए।
यह भी पढ़ें: Baghpat News: माता-पिता के लिए गर्व के पल, जूता कारीगर की बेटी बनेगी दारोगा, किसान की बेटी भी पहनेगी खाकी
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक करीब एक महीने पहले टेहरकी गांव में बन रही पानी की टंकी पर चौकीदार को बंधक बनाकर सरिया लूटा गया था। बदमाश चौकीदार का मोबाइल भी लूटकर ले गए थे। सरधना पुलिस ने जांच की तो कुछ लोगों के नाम सामने आए।
इसके कुछ दिन बाद सूचना मिली कि सरिया लूट गिरोह के सदस्य खिर्वा जलालपुर में वारदात करने जा रहे हैं। तभी पुलिस ने घेराबंदी करके कंकरखेड़ा निवासी अनुज, मोनू, शाकिर, इरशाद, शाहरुख, टेहरकी गांव सरधना निवासी फिरोज और मोहम्मदपुर लोहड्डा मुजफ्फरनगर निवासी अरमान को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सरिया भी बरामद किया गया। वारदात में फरमानी नाज के पिता आरिफ और जीजा इरशाद भी शामिल थे। जांच पड़ताल में यह भी सामने आया कि यूट्यूबर फरमानी का भाई अरमान और जीजा इरशाद गिरोह को चला रहे थे। चोरी और लूट के सरिया को आरिफ ठिकाने लगा रहा था। इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं फरमानी नाज ने अपने पिता और भाई को मामले में निर्दोष बताते हुए कार्रवाई न करने की मांग की है।